बोले – अगर इस विषय पर ज्यादा बोलूंगा, तो आग लग जाएगी
लखनऊ/ गोंडा : उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल मच गई है। बीजेपी के दिग्गज नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एक पॉडकास्ट पर इंटरव्यू के दौरान बड़ा सियासी हमला किया है। मगर, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि “आज उत्तर प्रदेश में विधायकों की कोई औकात नहीं रह गई है, पूरी पावर एक ही जगह सिमट गई है। बातचीत में बृजभूषण ने कहा कि “अगर इस विषय पर ज्यादा बोलूंगा, तो आग लग जाएगी।
मेरे फोन का असर नहीं रहा
पूर्व सांसद ने कहा कि अब मेरे फोन का असर किसी अधिकारी पर नहीं रहा। कोई सुनवाई नहीं हो रही। छोटी-छोटी मछलियां रगड़ी जाती हैं, लेकिन बड़ी मछलियों को कोई नहीं छूता।”उनके इन बयानों से सियासी गलियारों में खलबली मच गई है। उनकी बातों से सियासी मतभेद की बात सामने आ रही है। प्रशासनिक ढांचे में भी बयान अहम माना जा रहा है।
“मेरा जीवन कंट्रोवर्सी से भरा रहा है”
उन्होंने कहा कि वह अब किसी को सलाह देने की स्थिति में नहीं हूं। “मेरा जीवन कंट्रोवर्सी से भरा रहा है, मैं अब सलाह देने की हालत में नहीं हूं। मैंने बहुत कुछ देखा है। अब वो स्थिति नहीं रही जब मेरा एक फोन प्रशासन के लिए काफी होता था।”
“जो किराए पर दाह संस्कार कराए, वैसी शिक्षा भाड़ में”
पूर्व सांसद ने शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हुए कहा कि “आज के युवाओं को ऐसी शिक्षा दी जा रही है। जिसमें संस्कार नहीं है। अगर, कोई किराए पर शवदाह करता है, तो ऐसी शिक्षा भाड़ में जाए। सिर्फ डिग्री लेने से कोई इंसान बड़ा नहीं बनता।”
“मैं विपक्ष में था, फिर भी मुलायम सिंह ने मेरा काम किया”
उन्होंने अपने पुराने राजनीतिक अनुभव साझा करते हुए कहा कि जब वह विपक्ष में थे, तब भी समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने उनके क्षेत्र की बात सुनी और काम कराया। “वो राजनीति का एक अलग दौर था, जहां विपक्ष की बात को भी तवज्जो दी जाती थी। मगर, अब वह माहौल नहीं बचा है।”
बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा
पूर्व भाजपा नेता के बयान के बाद सियासी गलियारों में चर्चा शुरू हो गई है। एक पार्टी से जुड़े नेता ने उनके बयान को आईना दिखाने वाला बताया है। बोले, आम जनता के दर्द का अंदाजा लगाया जा सकता है।”
