बदायूं /बरेली : यूपी के बदायूं जिले के दातागंज थाना क्षेत्र के बीरमपुर गांव में देर रात एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। अज्ञात बदमाशों ने घर में घुसकर 75 वर्षीय शांति और उनकी 42 वर्षीय बेटी जयंती की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के वक्त घर के बाहर चारपाई पर सो रहा मौसेरा भाई शराब के नशे में था, और हमले के दौरान वह केवल एक बदमाश को निकलते देख सका। पुलिस के मुताबिक, जयंती के पति की 12 साल पहले सड़क हादसे में मौत हो चुकी थी। इसके बाद से जयंती अपनी मां के साथ गांव के बाहरी हिस्से में बने नए मकान में रह रही थी। मौसेरा भाई विपिन भी वहीं रहता था। घटना की रात जब विपिन ने दरवाजे से एक संदिग्ध को निकलते देखा, और विरोध किया तो बदमाश ने उस पर भी चाकू से हमला कर दिया। जिससे वह घायल हो गया।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही दातागंज थाना पुलिस, और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची, साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. बृजेश कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
