बरेली : यूपी के बरेली में जन्माष्टमी पर्व पर भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को देखकर बरेली यातायात पुलिस (ट्रैफिक पुलिस) ने 16 अगस्त सुबह 7 बजे से 17 अगस्त सुबह 4 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। दूध, सब्जी और पेट्रोलियम पदार्थ जैसे आवश्यक वस्तुओं के वाहन इस प्रतिबंध से मुक्त रहेंगे।
भारी वाहनों पर प्रतिबंध, यहां से गुजरे बदायूं रोड के वाहन

शहर के झुमका तिराहा, रोड नं. 01 परसाखेड़ा, विलवा, विलयधाम, लालपुर गांव कट, नवदिया झादा, ट्रांसपोर्ट नगर, बुखारा मोड़ और रामगंगा तिराहा से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह बंद रहेगा। मगर, बदायूं की ओर जाने वाले वाहन बड़ा बाईपास से होकर फतेहगंज पूर्वी, नवादा मोड़, दातागंज और देवचरा मार्ग से जाएंगे।
ऐसे आएंगे बरेली आने वाले वाहन
शहर के झुमका तिराहा से परसाखेड़ा और इन्वर्टिस तिराहा से ट्रांसपोर्ट नगर तक प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा दिल्ली-लखनऊ मार्ग के वाहन बड़ा बाईपास और इन्वर्टिस तिराहे से डायवर्जन का पालन करेंगे।
वैकल्पिक मार्गों का इस्तमाल करने का फरमान
जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में देर रात तक भारी भीड़ रहने की संभावना है। पुलिस ने अपील की है कि शहरवासी वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें, और अनावश्यक भीड़भाड़ से बचें।
