नई दिल्ली : कथित ‘वोट चोरी’ विवाद के बीच कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने चुनाव आयोग द्वारा मांगे गए शपथपत्र पर हस्ताक्षर करने से साफ इनकार कर दिया। राहुल ने कहा “मैं शपथपत्र पर हस्ताक्षर क्यों करू?। यह उनका डाटा है, मेरा नहीं। उन्हें अपनी वेबसाइट से लेना चाहिए। वे बस ध्यान भटका रहे हैं। यह सिर्फ बंगलूरू का मामला नहीं है, बल्कि देश के कई निर्वाचन क्षेत्रों में हुआ है।”उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग सच्चाई छिपाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन “एक दिन सब सामने आ जाएगा”।
300 सांसदों को रोका गया: राहुल
राहुल गांधी ने आगे कहा कि लगभग 300 सांसद चुनाव आयोग से मिलकर एक दस्तावेज देना चाहते थे, लेकिन उन्हें अनुमति नहीं दी गई। “वे डर गए हैं। यह अब सिर्फ राजनीतिक लड़ाई नहीं रही, बल्कि संविधान और ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ के अधिकार की लड़ाई है।”
पुलिस की रोक और विपक्ष का विरोध
केसी वेणुगोपाल ने कहा “सरकार और पुलिस हमें 30 सेकंड भी मार्च नहीं करने दे रही। अब कह रहे हैं सिर्फ 30 लोग ही जाएं, लेकिन उन्हें जाने दो।”रणदीप सुरजेवाला ने कहा”जेल की सलाखें हमें नहीं रोक सकतीं। अब नारा है-‘बोल रहा है पूरा देश, वोट हमारा छू के देख’।”जयराम रमेश ने कहा “चुनाव आयोग ‘चुनाव आयोग’ ही रहना चाहिए, ‘चुराव आयोग’ नहीं बन सकता।”
