लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश सरकार पर स्कूलों के बंद होने और विलय को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा द्वारा चलाई जा रही ‘PDA पाठशाला’ को न तो पुलिस रोक सकती है, और न ही सरकार दबा सकती है। एसपी चीफ अखिलेश यादव ने कहा “मुख्यमंत्री खुद आएं, और देखें कि बच्चों की शिक्षा का क्या हाल है। सरकार ने खुद स्वीकार किया है कि उन्होंने कई स्कूल बंद कर दिए हैं और कई स्कूलों का विलय कर दिया गया है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक उन स्कूलों में नई शिक्षक भर्तियाँ नहीं होतीं, तब तक सपा कार्यकर्ता खुद छात्रों को पढ़ाएंगे।
क्या है PDA पाठशाला?
PDA (पिछड़े-दलित -अल्पसंख्यक) पाठशाला सपा की एक शैक्षिक पहल है। जिसमें कार्यकर्ता ग्रामीण, और शहरी क्षेत्रों में स्कूल बंद होने की स्थिति में बच्चों को पढ़ा रहे हैं। मगर, यह बयान तब आया, जब कुछ स्थानों पर पुलिस द्वारा PDA पाठशालाओं को बाधित करने की खबरें सामने आईं। अखिलेश यादव ने इन घटनाओं को लेकर सीधे तौर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को घेरा और उन्हें जमीनी हालात देखने की चुनौती दी।
