मेरठ/लखनऊ : यूपी के मेरठ शहर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कुख्यात गैंगस्टर सलीम उर्फ मोगली को बाइक सवार बदमाशों ने सरेआम गोलियों से भून डाला। वारदात के बाद हमलावर असलहे लहराते हुए फरार हो गए। सलीम उर्फ मोगली पूर्वा शेखलाल इलाके में कचहरी से घर लौट रहा था। इसी दौरान पीछा कर रहे बदमाशों ने उसकी बाइक रोककर दो गोलियां मार दीं। घायल सलीम को अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानें कौन था मृतक ?
मृतक सलीम उर्फ दीवाना उर्फ मोगली (उम्र 45 वर्ष) निवासी पहलवान कॉलोनी, अब्दुल्लापुर का है। वह गैंगस्टर था, और उसका आपराधिक इतिहास है। पुलिस ने सलीम पर 10 आपराधिक मुकदमे दर्ज होने की बात कही थी। लिसाड़ी गेट, मेडिकल, ब्रह्मपुरी आदि थानों में मुकदमें दर्ज हैं। वह कुछ दिन पहले ही जेल से जमानत पर बाहर आया था।
हत्या की वजह क्या मानी जा रही है?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सलीम ने हाल में किसी को जान से मारने की धमकी दी थी। संदेह है कि उसी व्यक्ति या उसके गिरोह ने इस हत्या को अंजाम दिया हो। CCTV फुटेज की मदद से पुलिस हमलावरों की पहचान में जुटी है। पुलिस का बयान है कि “सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।”
