बिहार/लखनऊ : केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेता चिराग पासवान ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर सीधा निशाना साधा है। बिहार की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चिराग ने कहा कि “मुझे दुख है कि मैं ऐसी सरकार को समर्थन दे रहा हूं, जहां लॉ एंड ऑर्डर का ये हाल है।”यह बयान उन्होंने उस वक़्त दिया जब राज्य में बढ़ते अपराध, महिला सुरक्षा और प्रशासनिक विफलताओं को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेर रहा है।
जनता के भरोसे पर खरी नहीं उतरी नीतीश सरकार : चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि जनता ने NDA को जनादेश दिया है, लेकिन नीतीश सरकार उस भरोसे पर खरी नहीं उतर रही है। उन्होंने साफ कहा कि बिहार की जनता आज खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। “अगर लॉ एंड ऑर्डर नहीं सुधरा , तो जनता के बीच जवाब देना मुश्किल हो जाएगा,” उन्होंने जोड़ा। यह बयान ऐसे समय पर आया है, जब बिहार में महिलाओं के खिलाफ अपराधों और डकैती जैसे मामलों में बढ़ोतरी देखने को मिली है।
