रामपुर/लखनऊ : यूपी के रामपुर ज़िले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। अजीमनगर थाना क्षेत्र के करनपुर गांव में एक पिता ने अपने 8 महीने के मासूम बेटे को उल्टा लटकाकर पूरे गांव में घुमाया। वजह थी,पत्नी से घरेलू विवाद। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें मासूम लगातार रो रहा है और ग्रामीण तमाशबीन बने हुए हैं।
दहेज के लिए पत्नी को करता था प्रताड़ित
गांव करनपुर निवासी संजू का विवाह दो साल पहले सुमन से हुआ था। सुमन के भाई शिव चरन ने बताया कि विवाह के बाद से ही संजू दहेज की मांग को लेकर बहन को मारता-पीटता रहा। कुछ दिन पहले मारपीट कर ससुराल से निकाला, लेकिन पंचायत के कहने पर सुमन वापस लौटी थी।
फिर हुई मारपीट, मासूम को बनाया ‘हथियार’
19 जुलाई को फिर से संजू ने सुमन को पीटा, जब सुमन ने अपने मायके वालों को बुलाया तो संजू आगबबूला हो गया। उसने सुमन को घर से बाहर निकाला और अपने 8 महीने के बेटे को उल्टा लटका कर पूरे गांव में घुमाने लगा। इस दौरान बच्चा लगातार रोता रहा, लेकिन कोई ग्रामीण उसे रोक नहीं सका। करीब 30 मिनट तक संजू अपने मासूम को हवा में झुलाता रहा। इसके बाद में उसके परिजनों ने किसी तरह बच्चे को छीना, उसी वक्त सुमन का भाई गांव पहुंचा और बहन व बच्चे को सुरक्षित ले गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी संजू ने थाने में अपने ससुराल वालों पर मारपीट का झूठा आरोप लगाया। जांच के बाद मामला खुला, और पुलिस ने 22 जुलाई को उसे शांति भंग की धारा में गिरफ्तार किया। एसडीएम कोर्ट से उसे तुरंत जमानत मिल गई। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे दरिंदगी भरे कृत्य पर केवल “शांति भंग” की कार्रवाई होना न्याय का मज़ाक है। कड़ी धाराओं में केस दर्ज करने और गिरफ्तारी की मांग लगातार हो रही है।
