बरेली : यूपी के बरेली जंक्शन रोड स्थित एक मारुति शोरूम के पेंट हाउस में सोमवार को भीषण आग लग गई। धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। हालांकि, फाइनल रिपोर्ट अभी लंबित है। घटना के समय कर्मचारी कारों में पेंट का काम कर रहे थे, तभी अचानक आग भड़क उठी। पेंट और केमिकल के चलते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
स्टाफ ने भागकर बचाई जान
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtube.com/shorts/h2pNFarW7Is?si=FcNpnqB4VfLhRtb6
बताया जाता है कि आग लगने के कारण स्टाफ ने भागकर अपनी जान बचाई। जिससे कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन शोरूम के अंदर रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। फायर ब्रिगेड की शुरुआत में तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन हालात बिगड़ते देख दो और गाड़ियों को बुलाना पड़ा। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। कोतवाली पुलिस और विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायज़ा लिया।
घटना के बाद जांच शुरू
पुलिस ने आग के कारणों की जांच शुरू कर दी है और विद्युत विभाग को शॉर्ट सर्किट की तकनीकी जांच का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही प्रशासन ने शोरूम की अग्नि सुरक्षा मानकों की समीक्षा शुरू कर दी है। इस मामले में जब मीडिया ने शोरूम प्रबंधन से संपर्क करने की कोशिश की, तो उन्होंने टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। न तो नुकसान का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी किया गया, न ही कोई बयान।
