लखनऊ : यूपी की राजधानी लखनऊ के मल्लाही टोला प्रथम वार्ड में खुले नाले में गिरकर एक युवक की मौत ने पूरे नगर निगम को हिला दिया है। 12 जुलाई को हुई इस दुखद घटना के बाद नगर आयुक्त गौरव कुमार तत्काल मौके पर पहुंचे और SDRF की सहायता से शव को बरामद कराया था। मगर, इस हादसे के बाद नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई कर ठेकेदार अंकित कुमार पर FIR दर्ज कराई, उनकी फर्म अनिका इंटरप्राइजेज को ब्लैकलिस्ट किया और अवर अभियंता रमन कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पूरे शहर में चलेगा ‘खुले नालों की खोज और मरम्मत’ अभियान
नगर आयुक्त ने मुख्य अभियंता, जोनल अधिकारी, सफाई निरीक्षक, सुएज टीम सहित सभी को निर्देश दिया है कि जहां-जहां नाले खुले हैं या मैनहोल असुरक्षित हैं। उन्हें तत्काल प्रभाव से कवर किया जाए या मरम्मत करवाई जाए। नगर निगम ने 24×7 कंट्रोल रूम से शहर की निगरानी भी तेज कर दी है।
महापौर सुषमा खर्कवाल ने जताया दुख, कहा-सुरक्षा सर्वोपरि
नगर महापौर सुषमा खर्कवाल ने इस घटना को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि “नगर निगम किसी भी प्रकार की ढिलाई को बर्दाश्त नहीं करेगा। नागरिकों की जान की रक्षा हमारी प्राथमिकता है।”यदि कोई भी नागरिक अपने क्षेत्र में खुले नाले या असुरक्षित मैनहोल देखता है, तो वह नगर निगम को टोल फ्री नंबर 1533 पर तत्काल सूचित करे।
