हादसे में 2 घायल, कार के उड़े परखच्चे
कुशीनगर/लखनऊ : यूपी के कुशीनगर ज़िले में पटहेरवा थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में चार श्रद्धालुओं (लोगों) की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हैं। मृतकों में सिद्धार्थनगर जिले के VDO, कानूनगो और शिक्षक शामिल हैं। यह हादसा उस समय हुआ, जब श्रद्धालु झारखंड के देवघर में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक कर लौट रहे थे।
जानें कैसे हुआ हादसा ?
यह हादसा बगही गांव के पास फोरलेन हाईवे पर हुआ। श्रद्धालु अर्टिगा कार से लौट रहे थे तभी एक तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इसमें मृतकों की पहचान मनोज सिंह, सुजीत जायसवाल, रामकरण गुप्ता और कैलाश मणि त्रिपाठी के रूप में हुई है। इसके साथ ही ड्राइवर राजेश शर्मा और प्रशांत कुमार दोनों को सीएचसी तमकुहीराज में भर्ती कराया गया है। CO तमकुहीराज राकेश प्रताप सिंह ने मीडिया को बताया कि कार चालक को संभवतः झपकी आ गई थी। जिससे यह दुर्घटना हुई।
देवघर से वाया थावे-सिद्धार्थनगर को वापसी
घायल प्रशांत शर्मा ने मीडिया को बताया कि वे सभी लोग थावे दुर्गा मंदिर दर्शन के बाद वापस लौट रहे थे। सुबह पूजा के बाद कार में बैठकर निकलते ही यह हादसा हुआ। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
लखनऊ और फिरोजाबाद में भी सड़क का कहर
ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में एक तेज़ रफ्तार ट्रक ने पैदल युवक को कुचल दिया। मृतक ट्रक के पहियों के बीच फंसकर 50 मीटर तक घिसटता चला गया। शव निकालने के लिए क्रेन बुलानी पड़ी। इसके अलावा फिरोजाबाद दो कांवड़िए घायल हो गए। रामगढ़ थाना क्षेत्र में बम्बा बाइपास पर बाइक की टक्कर से दो कांवड़िए घायल हो गए। इसमें धर्मेंद्र राजपूत और योगेश राजपूत निवासी कासगंज घायल हो गए। दोनों डाक कांवड़ लेकर सांती गांव स्थित भोलेनाथ मंदिर जा रहे थे।
