मेरठ/झांसी/लखनऊ : यूपी के मेरठ के रोहटा ब्लॉक के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद तीनों युवक सड़क पर आधे घंटे तक खून से लथपथ तड़पते रहे, लेकिन कोई मदद को आगे नहीं आया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार युवक किसी को बचाने की कोशिश में सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रॉली भी पलट गई। हादसा देखकर राहगीर सन्न रह गए। पुलिस ने पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों के नाम शहज़ाद् (22 वर्ष), अरशद (19 वर्ष) और रोजू (18 वर्ष) के रूप में पहचान होने की बात सामने आई है। यह सभी कैथवाड़ी के निवासी बताए गए हैं।
तेज़ रफ्तार बेकाबू ट्रक मकान और दुकान में घुसा, तीन घायल
झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव में एक बेकाबू ट्रक हाईवे की सर्विस रोड पर चढ़ते हुए मकान और दुकान में जा घुसा। इस हादसे में एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक और क्लीनर ट्रक में फंस गए। ग्रामीणों ने शोर सुनकर तीनों को बाहर निकाला और मेडिकल कॉलेज भेजा। यहां उनका इलाज जारी है। मकान मालिक बिरजू ने आरोप लगाया कि चालक शराब के नशे में था। ट्रक की टक्कर से उसका मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दुकान का सारा सामान भी टूट गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है।
पुलिस ने शव लिए कब्जे में
मेरठ पुलिस मामले की जांच में जुटी है और घटना के पीछे की वजहों की पड़ताल कर रही है। इसी तरह से झांसी पुलिस ने ट्रक जब्त कर लिया है और चालक पर लापरवाही व नशे में वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज किया गया है।
