सुल्तानपुर/लखनऊ : यूपी इन दिनों बिजली संकट के गंभीर दौर से गुजर रहा है। प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिनभर सिर्फ 3 से 4 घंटे ही बिजली मिलने की बात सामने आ रही है। जिससे आम जनजीवन, व्यापार और उद्योग जगत बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इस बीच प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसने सरकार की संवेदनशीलता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
शिकायत पर जयकारा, समाधान नहीं!
देखें वीडियो 👇🏻
https://youtube.com/shorts/O3B88Vsxb2M?si=AGjf86j8judffdRR
घटना सुल्तानपुर जिले के सूरापुर कस्बे की है। यहां व्यापारियों ने ऊर्जा मंत्री श्री ए.के. शर्मा को बिजली कटौती की शिकायतें सुनाईं। बताया गया कि कस्बे में सिर्फ 3 घंटे बिजली आ रही है और SDO ने बाकायदा बोर्ड लगाकर टाइमिंग घोषित कर दी है। सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक।
व्यापारियों ने सौंपा चार सूत्रीय मांग पत्र
इस दौरान व्यापारियों ने सब स्टेशन की क्षमता बढ़ाने,पुराने तारों को बदलने,बाजार फीडर को ग्रामीण फीडर से अलग करने जैसी मांगें रखी गई थीं, लेकिन मंत्री जी ने जवाब में सिर्फ इतना कहा “ठीक है, ठीक है…” और इसके बाद ‘जय श्रीराम’ व ‘जय बजरंगबली’ का जयकारा लगाते हुए अपनी गाड़ी में बैठकर रवाना हो गए।
जनता में आक्रोश, विपक्ष का हमला
AAP और कांग्रेस ने इस वीडियो को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला है।AAP ने लिखा “जनता बिजली के लिए गुहार लगा रही है, और मंत्री जी ‘जय श्रीराम’ बोलकर भाग रहे हैं। क्या यही रामराज्य है?”। कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी ने कहा कि”गांवों में 24 घंटे में केवल 3 घंटे बिजली आ रही है। भाजपा सिर्फ जुमलों से बिजली सप्लाई के दावे कर रही है। ना कोई नया विद्युत उत्पादन प्लांट, ना आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त। उल्टा निजीकरण के जरिए विभाग को बेचा जा रहा है।” सपा प्रवक्त मुहम्मद साजिद ने कहा कि प्रदेश भर में बिजली आपूर्ति बदहाल है।
