लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि “भाजपा सरकार आने वाली पीढ़ियों से शिक्षा का अधिकार छीनना चाहती है।” उन्होंने दावा किया कि जानबूझकर शिक्षा को महंगा कर गरीबों के बच्चों को पढ़ाई से वंचित किया जा रहा है। लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने ऐलान किया कि 15 अगस्त 2025 को समाजवादी विधायक, नेता और कार्यकर्ता उन गांवों में जाकर स्वतंत्रता दिवस मनाएंगे जहां स्कूल बंद किए जा रहे हैं।
5 हजार स्कूल बंद, शिक्षा के नाम पर “अंधकार” फैला रही है BJP: अखिलेश यादव

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार लगभग 5,000 प्राइमरी स्कूल बंद करने जा रही है। जिससे लाखों गरीब बच्चे शिक्षा से वंचित हो जाएंगे। “भाजपा की शिक्षा विरोधी नीति साफ है। बच्चों को जानबूझकर अंधकार में रखा जा रहा है ताकि वे सवाल न पूछ सकें,”।
जातीय जनगणना और सामाजिक न्याय पर भाजपा की मंशा संदिग्ध

पूर्व सीएम ने भाजपा सरकार पर सामाजिक न्याय विरोधी एजेंडे को आगे बढ़ाने का आरोप लगाते हुए कहा कि “भाजपा न पिछड़ों को हक देना चाहती है, न दलितों को आरक्षण। वह जातीय जनगणना पर भी मजबूरी में राजी हुई है।” समाजवादी पार्टी का दावा है कि वह समाज में समानुपातिक हिस्सेदारी और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
“बिहार में वोटर छांटने की तैयारी, कल यूपी की बारी”,वोटरों को सतर्क रहने की सलाह

एसपी चीफ ने बिहार के मतदाता सूची पुनरीक्षण में कथित धांधली का हवाला देते हुए कहा, “चुनाव आयोग भाजपा की मदद कर रहा है। मतदाताओं को मनमाने ढंग से सूची से हटाया जा रहा है।” उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को अलर्ट रहने और वोटरों की सूची पर नजर रखने की सलाह दी।
“घटिया एक्सप्रेसवे, जीरो बिजली उत्पादन, भाजपा की पोल खुल गई”
अखिलेश ने भाजपा सरकार को विकास कार्यों के मोर्चे पर पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल और बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर घटिया सामग्री से निर्माण हुआ है। भाजपा सरकार ने एक यूनिट बिजली का उत्पादन भी नहीं बढ़ाया। अवध शिल्प ग्राम, जहां अभी हाल में आम महोत्सव हुआ, समाजवादी सरकार की देन है।“भाजपा केवल धोखा देती है, और उसकी विकास की बातें झूठ पर आधारित हैं।
भारी संख्या में वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
इस बैठक में वरिष्ठ नेता राजेन्द्र चौधरी, सांसद सनातन पाण्डेय, विधायक राहुल लोधी, पूर्व सांसद बालकुमार पटेल, पूर्व मंत्री अरविन्द सिंह, लल्लन यादव, काशीनाथ यादव, वासुदेव यादव, प्रवक्ता अमीक जामेई और समाजवादी युवजन सभा के पूर्व अध्यक्ष विकास यादव सहित कई नेता मौजूद रहे।
