कुंडा/प्रतापगढ़/लखनऊ: यूपी के कुंडा में मोहर्रम के त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया के पिता राजा उदय प्रताप सिंह समेत कुल 13 लोगों को 40 घंटे के लिए नजरबंद कर दिया है। शनिवार भोर पांच बजे से यह नजरबंदी शुरू हुई, जो रविवार रात नौ बजे तक प्रभावी रहेगी। यह कदम भदरी किले और उसके आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है, जहां पहले भी मोहर्रम के जुलूस के दौरान तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी है। क्राइम इंस्पेक्टर संजय सिंह पुलिस बल के साथ भदरी किला पहुंचे और नजरबंदी का नोटिस गेट पर चस्पा किया। इस दौरान राजा उदय प्रताप सिंह किले के अंदर मौजूद थे। पुलिस का कहना है कि यह एहतियातन कार्रवाई है ताकि किसी भी प्रकार की सांप्रदायिक अशांति से बचा जा सके।
इन लोगों को भी किया नजरबंद

पुलिस ने भवानी विश्वकर्मा (बड़ूपुर), उमाकांत (शेखपुर), आनंदपाल (बढ़ईपुर), जमुना प्रसाद (मियां का पुरवा), हनुमान प्रसाद पांडेय (सुभाष नगर, अधिवक्ता), रवि सिंह, गया प्रजापति (लोहारन का पुरवा), जितेंद्र (नौबस्ता, हथिगवां थाना), केसरी नंदन (सरैया प्रवेशपुर), निर्भय सिंह (बेंती), जुगनू विश्वकर्मा (गोपालगंज शाहपुर), मोहनलाल (पन्नालाल रोड, प्रयागराज) सभी व्यक्तियों के घरों के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट
सूत्रों के अनुसार, राजा उदय प्रताप सिंह ने 2 जुलाई को एक्स (पूर्व ट्विटर) पर एक विवादित पोस्ट किया था। जिसमें मुस्लिम समुदाय और पुलिस प्रशासन पर टिप्पणी की गई थी। इस पोस्ट के बाद स्थिति और संवेदनशील हो गई। जिससे पुलिस ने यह सख्ती बरती।
भदरी किले पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। भदरी किले को अस्थायी रूप से अत्यधिक संवेदनशील क्षेत्र घोषित किया गया है।
