संभल/लखनऊ : यूपी के संभल जिले में शुक्रवार शाम एक हृदयविदारक हादसे में शादी की खुशी मातम में बदल गई। मेरठ-बदायूं हाईवे पर जनता इंटर कॉलेज की दीवार से टकराई बोलेरो कार, जिसमें सवार दूल्हा समेत 10 लोग थे। हादसे में 8 की मौत हो गई। इसमें 2 मासूम बच्चे भी शामिल हैं। शादी की शहनाइयों से पहले ही घर में चिताएं पहुंच गई।
दीवार से भिड़ी बोलेरा कार

हरगोविंदपुर गांव निवासी सुखराम ने अपने पुत्र सूरज पाल (20 वर्ष) की शादी बदायूं के थाना बिल्सी क्षेत्र के गांव सिरसौल में तय की थी। शुक्रवार शाम बरात रवाना हुई। जिसमें 11 गाड़ियां पहले ही निकल चुकी थीं। बोलेरो कार जिसमें दूल्हा और अन्य रिश्तेदार सवार थे, पीछे रह गई थी। शाम लगभग 7:15 बजे, तेज़ रफ्तार बोलेरो जनता इंटर कॉलेज की दीवार से भिड़ गई।
हादसे के बाद मौके पर तबाही का मंजर
टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। आसपास के ग्रामीणों ने घायलों को निकालने की कोशिश की लेकिन वाहन में फंसे लोगों को निकालना मुश्किल था। जेसीबी बुलाकर कार को काटा गया, तब जाकर घायलों को बाहर निकाला जा सका। इसमें मृतकों की पहचान दुल्हा सूरज पाल (20 वर्ष), आशा (26 वर्ष),ऐश्वर्या (3 वर्ष), सचिन (22 वर्ष),गणेश (2 वर्ष), रवि (28 वर्ष), कोमल (15 वर्ष) और मधु (20 वर्ष) के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल हिमांशी और देवा को हायर सेंटर रेफर किया गया है।
प्रशाशन और पुलिस अफसर मौके पर
एसपी संभल, कृष्ण कुमार विश्नोई ने मीडिया से कहा कि “यह घटना बेहद दुखद है। बोलेरो कार इंटर कॉलेज की दीवार से टकराई। आठ लोगों की मौके पर मौत हो गई। दो घायल हैं, इलाज जारी है। पोस्टमार्टम की कार्रवाई हो रही है।”CO दीपक तिवारी और ASP अनुकृति शर्मा ने घटनास्थल और अस्पताल का निरीक्षण किया। प्रत्यक्षदर्शी राजू यादव, जो मौके पर मौजूद थे,उन्होंने बताया कि “कार बहुत तेज़ थी और दीवार से सीधी जा टकराई। गाड़ी के अंदर लोग बुरी तरह फंस गए थे। तुरंत जेसीबी मंगवाकर गाड़ी काटी गई, तब जाकर लोगों को बाहर निकाला गया।”
घर में मातम, गांव में सन्नाटा
सूरज की शादी के सपने सज चुके थे, लेकिन वह शादी मंडप तक नहीं पहुंच सका। गांव में मातम पसरा है, चारों तरफ शोक और चीत्कार का माहौल है। दुल्हन पक्ष भी सदमे में है, शादी की खुशियां एक पल में मातम में तब्दील हो गईं।
