बरेली: यूपी के बरेली जिले की फरीदपुर तहसील में तैनात एक महिला लेखपाल ने नवाबगंज कस्बे के एक किराए के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या की कोशिश की। घटना के वक्त उसका प्रेमी भी उसी मकान में मौजूद था। उसने तुरंत महिला को फंदे से उतारा और पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां महिला की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलने पर महिला के पति ने नवाबगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने युवक को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है।
जानें कहाँ से शुरू हुआ मामला
महिला लेखपाल मूल रूप से नवाबगंज क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली हैं। उनकी शादी बरेली शहर के एक मोहल्ले में हुई थी। वर्तमान में वे फरीदपुर तहसील में तैनात हैं। इससे पहले उनकी पोस्टिंग पीलीभीत के जहानाबाद में थी, जहां एक स्थानीय युवक से उनकी नजदीकियां बढ़ीं। कुछ समय बाद दोनों ने नवाबगंज में किराए पर मकान ले लिया, जहां वे अक्सर एक साथ समय बिताते थे।
तहसील में नहीं पहुंचीं, फोन ऑन लेकिन साइलेंट
गुरुवार को लेखपाल ड्यूटी के लिए निकलीं, लेकिन तहसील नहीं पहुंचीं। जब सहकर्मियों ने उन्हें कॉल किया तो फोन ऑन था, मगर साइलेंट मोड में होने के कारण जवाब नहीं मिला। इस पर तहसील प्रशासन ने GPS के ज़रिए उनकी लोकेशन ट्रेस की, जो नवाबगंज में मिली।
नवाबगंज के अस्पताल में मिली लेखपाल
खोजबीन करने पर पता चला कि महिला लेखपाल नवाबगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती हैं। शुरुआती पूछताछ में यह सामने आया कि उन्होंने आत्महत्या का प्रयास किया था।
जानें क्या बोले सीओ नवाबगंज
इस मामले में क्षेत्राधिकारी (CO) नवाबगंज गौरव सिंह ने THE JUSTICE HINDI को बताया – “यह आत्महत्या का प्रयास था। महिला ने किराए के मकान में फांसी लगाई थी। प्रेमी ने उन्हें फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। मामले की जांच जारी है, और तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
