हापुड़ में दर्दनाक हादसा, होटल में बर्थडे पार्टी के बीच घुसी कार, चार को रौंदा
दिल्ली/हापुड़ : यूपी के हापुड़ जिले के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक बेकाबू कार “राजा जी हवेली” होटल में घुस गई। यह दर्दनाक हादसा रात 10:30 बजे के आसपास कुचेसर रोड चौपला पर हुआ। बर्थडे पार्टी मना रहे चार लोग इसकी चपेट में आ गए।
मृतक युवक प्रेमिका का जन्मदिन विश करने आया था
मृतक की पहचान अजितपाल के रूप में हुई है, जो बुलंदशहर जिले के फरादपुर गांव का निवासी था। वह अपनी प्रेमिका का जन्मदिन विश करने बाइक से होटल पहुंचा था। उसी दौरान यह हादसा हुआ। कार इतनी तेज रफ्तार में थी कि सीधी होटल की दीवार तोड़कर अंदर घुस गई और कुर्सियों पर बैठे चार लोगों को रौंद दिया। अजितपाल की मौके पर ही मौत हो गई। उसकी प्रेमिका और दो अन्य लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक दिल्ली जल बोर्ड में संविदा पर कार्यरत है। वह तीन बहनों में इकलौता भाई। सोमवार शाम 5 बजे मां से कहकर निकला था कि वह युवती के बर्थडे में जा रहा है। अजितपाल की असामयिक मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। वे मौके पर पहुंचे और होटल व प्रशासनिक लापरवाही पर आक्रोश व्यक्त किया।
हादसे के बाद कार चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी
इस हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने होटल में लगे CCTV फुटेज को कब्जे में लिया है। आरोपी ड्राइवर की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रेमिका गढ़मुक्तेश्वर इलाके की निवासी बताई जा रही है।
CCTV फुटेज में दिखा हादसे का वीभत्स दृश्य
CCTV में साफ देखा गया कि तेज़ रफ्तार से आती एक कार होटल की दीवार को तोड़ते हुए अंदर घुसी और कुर्सियों पर बैठे लोगों को रौंद दिया। घटना की तस्वीरें और फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिससे आम लोगों में आक्रोश है।
