इटावा के बकेवर थाने का घेराव, पथराव, फायरिंग और 19 गिरफ्तारियां; 13 गाड़ियां जब्त
इटावा/लखनऊ:उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में उस समय भारी बवाल हो गया जब एक यादव कथावाचक से कथित बदसलूकी के विरोध में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग सड़कों पर उतर आए। घटना के विरोध में संगठनों के करीब 200 लोगों ने बकेवर थाने को घेर लिया और जमकर नारेबाजी की।
पथराव और हिंसा, पुलिस की गाड़ी का शीशा टूटा
गुस्साई भीड़ को समझा बुझा कर भेज दिया लेकिन उन में से 70-80 लोगों ने पथराव कर दिया, जिसमें पुलिस वाहन को नुकसान पहुंचा और गाड़ी का शीशा टूट गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
12 थानों की फोर्स तैनात, तनावपूर्ण माहौल
स्थिति को बेकाबू होते देख प्रशासन ने आसपास के 12 थानों की फोर्स को मौके पर बुलाया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बाद हालात पर धीरे-धीरे काबू पाया जा सका, लेकिन इलाके में तनाव बरकरार है।
19 लोग गिरफ्तार, 13 गाड़ियां जब्त
इटावा पुलिस ने अब तक 19 प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा 13 गाड़ियां जब्त की गई हैं जो प्रदर्शन और पथराव में इस्तेमाल की जा रही थीं। इस संबंध में FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
