बरेली : उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की बड़ी जीत का दावा किया है। बुधवार को बरेली पहुंचे खन्ना ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार के कामकाज से संतुष्ट है और आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 2017 से भी बड़े बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा। सर्किट हाउस में उन्होंने समाजवादी पार्टी, आजम खान, असदुद्दीन ओवैसी और कांग्रेस पर निशाना साधा।
आजम खान के बयान पर बोले- सपा की साइकिल पंचर
जेल से बाहर आने के बाद सपा नेता आजम खान के ‘इंकलाब आने, साइकिल दौड़ने और कमल मुरझाने’ वाले बयान पर सुरेश खन्ना ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की साइकिल पहले ही पंचर हो चुकी है। अब इस पंचर साइकिल को वे कितनी दूर तक घसीट पाएंगे, यह आने वाला समय बताएगा। असदुद्दीन ओवैसी के नए मोर्चे को भाजपा के लिए चुनौती मानने के सवाल पर वित्त मंत्री ने कहा कि मार्च में तस्वीर साफ हो जाएगी।
भाजपा के पास मजबूत नेतृत्व और कामकाज की ताकत
सुरेश खन्ना ने कहा कि भाजपा के पास मजबूत नेतृत्व, बेहतर नीतियां और पिछले 12 वर्षों का जनकल्याणकारी काम है। पार्टी अपनी उपलब्धियों के दम पर हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है। पंजाब में अकाली दल के साथ भाजपा के गठबंधन पर उठ रहे सवालों का जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दल लंबे समय तक सहयोगी रहे हैं। उनके बीच मित्रता और वैचारिक समानता है। उन्होंने इसे स्वाभाविक राजनीतिक अनुकूलता बताते हुए कहा कि सबको साथ लेकर चलना भाजपा की नीति है।
कांग्रेस के बयान पर पलटवार, आप को बताया अलग
कांग्रेस की ओर से भाजपा और आम आदमी पार्टी को एक ही सिक्के के दो पहलू बताए जाने पर खन्ना ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि दोनों दलों में जमीन-आसमान का अंतर है। भाजपा राष्ट्रीय पार्टी है, जबकि आम आदमी पार्टी की राजनीति अलग है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा अपनी नीतियों, कार्यक्रमों और कार्यकर्ताओं के दम पर देश के 28 में से 22 राज्यों में सरकार में है या सरकार की साझेदार है। आम आदमी पार्टी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वह सिर्फ बाजीगरी करती है। वित्त मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अपना मन बना चुकी है। 2027 में भाजपा और एनडीए की जीत निश्चित है और इस बार 2017 से भी बड़ा बहुमत मिलेगा। उनके मुताबिक, जनता चाहती है कि प्रदेश में जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने वाली सरकार बनी रहे।
