लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि सपा-कांग्रेस के दो लड़के चुनाव परिणाम आने के बाद नहीं, बल्कि इस बार परिणाम से पहले ही विफल हो चुके हैं। सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच चल रही बातचीत और इसी दौरान प्रत्याशियों की घोषणा पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ बैठकें हो रही हैं और दूसरी तरफ उम्मीदवार घोषित किए जा रहे हैं। इससे बड़ा अपमान क्या होगा। योगी ने कहा कि दोनों दल एक-दूसरे को शह-मात देने में लगे हैं, जबकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन पूरी तरह एकजुट है। निषाद पार्टी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल मिलकर चुनाव लड़ेंगे।
2017 से पहले यूपी में था अराजकता का माहौल: योगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में परिवारवाद का दौर खत्म हो चुका है। उनके मुताबिक, 2017 से पहले प्रदेश बीमारू राज्य, गुंडागर्दी और अराजकता के प्रतीक के रूप में जाना जाता था, जबकि आज यूपी देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन रहा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश का बजट तीन गुना हो चुका है और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि हुई है। योगी ने एक्सप्रेसवे, मेट्रो, एयरपोर्ट और रेल नेटवर्क का जिक्र करते हुए कहा कि देश के 60 प्रतिशत एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश में हैं। प्रदेश के सात शहरों में मेट्रो सेवा है और 17 एयरपोर्ट हैं, जिनमें पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट शामिल हैं। उन्होंने देश के सबसे बड़े रेल नेटवर्क और पहली रैपिड रेल का भी उल्लेख किया।
कट्टा-बम की जगह बन रही ब्रह्मोस मिसाइल: मुख्यमंत्री
औद्योगिक विकास पर बोलते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब कट्टा-बम की जगह ब्रह्मोस मिसाइल, रिवॉल्वर और आधुनिक राइफलों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने दावा किया कि देश के 55 प्रतिशत मोबाइल और 60 प्रतिशत इलेक्ट्रॉनिक कंपोनेंट उत्तर प्रदेश में बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, प्रदेश में 50 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए हैं और एक जिला एक उत्पाद योजना से 3.25 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि महिला और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रामलला के दर्शन से पहले सपा को मांगनी चाहिए माफी
अयोध्या में रामलला के दर्शन के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वहां जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को पहले रामभक्तों से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने 90 के दशक में अयोध्या में हुए गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि सपा को अपनी गलती स्वीकार करनी चाहिए। कार्यक्रम के दौरान रैपिड फायर सवालों के जवाब में योगी ने भारत को ‘वर्ल्ड स्पिरिचुअल पावर हाउस’ और उत्तर प्रदेश को ‘अनलिमिटेड पोटेंशियल’ बताया। उन्होंने बुलडोजर को प्रदेश की ताकत कहा। अखिलेश यादव के पीडीए पर तंज कसते हुए उसे ‘परिवार डेवलपमेंट अथॉरिटी’ बताया, जबकि राहुल गांधी को ऐसा नाकाम रॉकेट कहा जो हर बार लॉन्च होते ही फेल हो जाता है।
