लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोला है। बुधवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्षी गठबंधन को ‘ठगबंधन’ करार देते हुए आरोप लगाया कि दोनों दल अपराधियों, दंगाइयों और भ्रष्ट तत्वों का प्रतिनिधित्व करते हैं। केशव मौर्य ने दावा किया कि भाजपा प्रदेश में तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
सपा-कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान पर कसा तंज
सपा की ओर से कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे की बातचीत के बीच पांच उम्मीदवारों की घोषणा किए जाने पर केशव मौर्य ने कहा कि यह दोनों दलों की अंदरूनी समस्याओं को दिखाता है। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस के बीच इस तरह की राजनीतिक नौटंकी होती रहती है, लेकिन इससे भाजपा पर कोई असर नहीं पड़ेगा। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद के उस बयान पर भी उन्होंने प्रतिक्रिया दी, जिसमें मसूद ने कहा था कि उन्हें समझ नहीं आ रहा कि सपा उनके खिलाफ चुनाव लड़ रही है, कांग्रेस के खिलाफ या भाजपा के खिलाफ। इस पर केशव मौर्य ने कहा कि उन्हें इस बारे में राहुल गांधी से स्पष्टीकरण मांगना चाहिए।
सपा को वोट देना मुसीबत को न्योता: केशव मौर्य
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता राजनीतिक रूप से जागरूक है और भाजपा के साथ खड़ी है। उन्होंने दावा किया कि सपा को वोट देना मुसीबत को न्योता देने जैसा है, जबकि कांग्रेस को वोट देने से देश फिर पतन की ओर जाएगा। सपा के घोषित पांच उम्मीदवारों में तीन मुस्लिम प्रत्याशी होने पर भी केशव मौर्य ने निशाना साधा। उन्होंने सपा पर मुस्लिम तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही दावा किया कि पार्टी प्रदेश में दंगों और अपराधियों-माफिया के प्रभाव का दौर वापस लाना चाहती है। केशव मौर्य ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश दंगामुक्त रहा है।
अखिलेश यादव के दौरों और बयानों पर भी हमला
केशव मौर्य ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर पीडीए, अयोध्या और मथुरा के दौरों को लेकर राजनीतिक दिखावा करने का आरोप लगाया। उन्होंने बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के प्रवचनों से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। अखिलेश यादव पर हिंदू विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए केशव मौर्य ने तंज किया कि यदि भाजपा नेता ‘जय श्री राम’ और ‘जय श्री कृष्ण’ कहते हैं तो अखिलेश यादव को भी ऐसा कहना चाहिए। उन्होंने नारे के अंदाज में कहा, ‘राधे-राधे, कमल खिलाओ’ के जवाब में अखिलेश यादव कह सकते हैं, ‘राधे-राधे, साइकिल पंचर करो।’ अंत में केशव मौर्य ने दावा किया कि सपा और कांग्रेस साथ चुनाव लड़ें या अलग-अलग, उत्तर प्रदेश में जीत भाजपा की ही होगी। उन्होंने मतदाताओं से भाजपा के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
