हरदोई : शादी की खुशियों के बीच एक परिवार दहशत में है। आरोप है कि पड़ोस के मोहल्ले में रहने वाला एक युवक युवती पर जबरन शादी का दबाव बना रहा है। युवती की शादी तय होने के बाद आरोपी ने कथित तौर पर दूल्हे के घर पहुंचकर शादी तुड़वाने की कोशिश की। आरोप है कि इसमें नाकाम रहने पर उसने युवती को तेजाब फेंकने और उसके परिवार की हत्या करने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
दूल्हे के घर पहुंचकर शादी तुड़वाने का आरोप
शिकायत के मुताबिक, शहर के एक व्यापारी ने अपनी बीए तृतीय वर्ष में पढ़ रही बेटी का रिश्ता तय किया है। आरोप है कि पड़ोसी मोहल्ले का रहने वाला युवक शादी की जानकारी जुटाकर दूल्हे के घर पहुंच गया। वहां उसने कथित तौर पर युवती के बारे में मनगढ़ंत बातें कहीं और गर्भपात जैसी बातों का जिक्र कर शादी से इनकार करने का दबाव बनाया। आरोप है कि युवक ने दूल्हे के परिवार को यह भी चेतावनी दी कि शादी करने पर उन्हें जिंदगीभर पछताना पड़ेगा।
रास्ते में रोककर तेजाब फेंकने की धमकी
युवती के परिजनों के अनुसार, 13 नवंबर की शाम वह दवा लेने जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने उसे रास्ते में रोक लिया। आरोप है कि युवक ने कहा कि यदि युवती उसकी नहीं हुई तो वह उसे किसी और का भी नहीं होने देगा। शिकायत में आरोपी पर युवती के चेहरे पर तेजाब फेंकने और उसके परिवार के लोगों की हत्या करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। इससे युवती और उसके परिजन डरे हुए हैं।
फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की भी शिकायत
परिजनों ने पुलिस को दी गई तहरीर में युवती की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन के साथ आरोपी की तलाश की जा रही है।
