नई दिल्ली : कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ को लेकर विवाद बढ़ता नजर आ रहा है। पुस्तक में स्वातंत्र्यवीर विनायक दामोदर सावरकर को लेकर लिखी गई टिप्पणियों पर आपत्ति जताते हुए उनके परपोते सात्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। सात्यकी सावरकर ने आरोप लगाया है कि पुस्तक में वीडी सावरकर के बारे में अपमानजनक और तथ्यात्मक रूप से गलत बातें लिखी गई हैं। उन्होंने सोनिया गांधी को 15 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब देने की मांग की है।
जवाब नहीं मिला तो अदालत जाने की चेतावनी
सात्यकी सावरकर ने चेतावनी दी है कि यदि 15 दिनों के भीतर नोटिस का जवाब नहीं दिया गया तो वह अदालत में अवमानना याचिका दायर करेंगे। उनके वकील संग्राम कोल्हटकर के मुताबिक, सोनिया गांधी को दिल्ली स्थित उनके आवास पर डाक और ईमेल के माध्यम से कानूनी नोटिस भेजा गया है। इससे पहले राहुल गांधी भी वीडी सावरकर को लेकर अपनी टिप्पणियों के कारण विवादों में रह चुके हैं।
किताब में सावरकर को लेकर क्या लिखा गया?
बताई गई जानकारी के मुताबिक, कानूनी नोटिस में सोनिया गांधी की पुस्तक के पेज नंबर 201 पर लिखी टिप्पणी का उल्लेख किया गया है। इसमें कहा गया है कि जब कांग्रेस के स्वतंत्रता सेनानी ब्रिटिश शासन के दौरान हमले और जेल की सजा झेल रहे थे, तब विनायक दामोदर सावरकर जैसे आरएसएस के वरिष्ठ विचारक ब्रिटिश शासकों को दया याचिकाएं लिख रहे थे और उनके संगठन के सदस्य मुखबिर के तौर पर ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत कर रहे थे।
पेज 201 और 443 की टिप्पणियों पर जताई आपत्ति
सात्यकी सावरकर की ओर से भेजे गए नोटिस में पुस्तक के पेज नंबर 201 और 443 पर लिखी गई बातों को लेकर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में आरोप लगाया गया है कि इन टिप्पणियों में वीडी सावरकर के बारे में तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर प्रस्तुत की गई जानकारी दी गई है। सात्यकी सावरकर का कहना है कि इन टिप्पणियों से वीडी सावरकर की प्रतिष्ठा और विरासत को नुकसान पहुंचा है। हालांकि, पुस्तक में लिखी गई टिप्पणियों और नोटिस में लगाए गए आरोपों को लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
