आगरा : चार बार उत्तर प्रदेश की सत्ता में काबिज रही बहुजन समाज पार्टी के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद अहम माना जा रहा है। पार्टी सुप्रीमो मायावती की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब आकाश आनंद के कंधों पर दिखाई देने लगी है। आगरा के एत्मादपुर में आयोजित विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन में आकाश आनंद के तेवर और मंच की व्यवस्था ने भविष्य के नेतृत्व को लेकर नए संकेत दिए।मंच पर आकाश आनंद के लिए मायावती की तरह अलग कुर्सी रखी गई थी। अपने भाषण में उन्होंने भाजपा, समाजवादी पार्टी और कांग्रेस तीनों को निशाने पर लिया। सभा को बसपा के चुनावी अभियान की दिशा तय करने वाले कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
मायावती की शैली, आकाश के भाषण में नए राजनीतिक मुहावरे
पिछले छह महीनों में बसपा का यह तीसरा बड़ा सम्मेलन बताया जा रहा है। एत्मादपुर की सुरक्षित विधानसभा सीट पर बसपा 1996, 2007 और 2012 में जीत दर्ज कर चुकी है। इसी क्षेत्र से पार्टी ने 2027 के लिए अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ाने का संदेश दिया। आकाश आनंद ने मायावती के शासनकाल की योजनाओं, यमुना एक्सप्रेसवे, भूमि पट्टों और सरकारी भर्तियों का जिक्र कर पुराने शासन की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही युवाओं और नए मतदाताओं को जोड़ने के लिए सोशल मीडिया मीम्स, एक्सेल शीट और डाटा जैसे आधुनिक शब्दों का इस्तेमाल किया।
भाजपा, सपा और कांग्रेस पर साधा निशाना
आकाश आनंद ने भाजपा सरकार को पेपर लीक, बेरोजगारी, महंगाई और एनसीआरबी आंकड़ों के मुद्दे पर घेरा। उन्होंने प्रदेश में दो उपमुख्यमंत्रियों की व्यवस्था और दलित प्रतिनिधित्व को लेकर भी सवाल उठाए। वहीं सपा पर हमला करते हुए आगरा में आयोजित दलित सम्मेलन और प्रो. रामगोपाल यादव की टिप्पणी का मुद्दा उठाया। वर्ष 2012 में पदोन्नति में आरक्षण के विरोध तथा बसपा शासन में बनाए गए जिलों के नाम बदलने जैसे विषयों के जरिए उन्होंने सपा और कांग्रेस को भी निशाने पर लिया।
PDA की राजनीति के मुकाबले बसपा की रणनीति
बसपा के सामने अपने पारंपरिक दलित वोट बैंक को एकजुट रखने के साथ सपा के PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण की काट तलाशने की चुनौती है। आकाश आनंद ने मायावती के सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय के संदेश को आगे बढ़ाते हुए युवाओं, किसानों और कारीगरों को पार्टी से जोड़ने की कोशिश की। उनके भाषण में कांशीराम की विचारधारा और मायावती की प्रशासनिक शैली को पार्टी की मूल ताकत बताया गया।
समर्थकों में दिखा उत्साह, अलग-अलग अंदाज में पहुंचे कार्यकर्ता
मॉडल स्कूल मैदान में आयोजित सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और बुजुर्ग पहुंचे। फिरोजाबाद से कुंवर सिंह बौद्ध नीले रंग से सजी प्रचार साइकिल लेकर पहुंचे। कस्बे के पूर्व सभासद दीवान सिंह शरीर पर नीला रंग लगाकर और बहुजन समाज का संदेश लिखवाकर कार्यक्रम में शामिल हुए। पीलीभीत से प्रमोद कुमार गौतम हाथों में ढपली लेकर बसपा समर्थन के गीत सुनाते नजर आए। महिलाओं और बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर समर्थन जताया। आगरा की सभा से संकेत मिला कि बसपा 2027 के चुनाव में रक्षात्मक राजनीति के बजाय आक्रामक प्रचार के साथ मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है और इस अभियान में आकाश आनंद की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है।
