लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। प्रदेश में 144 डिप्टी एसपी (डीएसपी) अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। एक साथ बड़ी संख्या में अधिकारियों की तैनाती बदलने से पुलिस विभाग में हलचल तेज हो गई है। तबादला आदेश जारी होने के बाद कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। लखनऊ कमिश्नरेट, अयोध्या, बागपत, खीरी समेत कई जिलों में अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
कई अधिकारियों को मिली नई तैनाती
जारी तबादला सूची के मुताबिक, लखनऊ कमिश्नरेट में तैनात सुजीत कुमार दुबे को अयोध्या भेजा गया है। रजनीश वर्मा का तबादला बागपत और राधा रमण सिंह को खीरी में नई तैनाती दी गई है। प्रयागराज कमिश्नरेट में तैनात विवेक यादव को लखनऊ कमिश्नरेट में सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) बनाया गया है।
लखनऊ कमिश्नरेट में कई अधिकारियों की तैनाती
उन्नाव में तैनात अरविंद कुमार-I को लखनऊ कमिश्नरेट भेजा गया है। वहीं, फिरोजाबाद से अमरीश कुमार का तबादला भी लखनऊ कमिश्नरेट में किया गया है। उन्हें सहायक पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रदेश में एक साथ 144 डिप्टी एसपी के तबादलों को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन की अहम बदलाव प्रक्रिया के रूप में देखा जा रहा है।
