मथुरा। शादियों में दूल्हे को फूलों और नोटों की माला पहनाते आपने खूब देखा होगा, लेकिन मथुरा के सुरीर क्षेत्र में हुई एक घुड़चढ़ी ने लोगों को हैरान कर दिया। यहां जीजा ने अपने दोनों सालों को एक-एक करोड़ रुपये की नोटों की माला पहनाकर ऐसा तोहफा दिया कि पूरा गांव इस नजारे को देखता रह गया। गांव नगला फोंदा में शनिवार को प्रशांत और कान्हा राघव की घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। इसी दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर निवासी गांव नंदोला, कामां (राजस्थान) ने दोनों दूल्हों को एक-एक करोड़ रुपये के नोटों से बनी विशाल माला पहनाई।
500-500 के नोटों से बनी थीं 100 फीट लंबी मालाएं
दोनों मालाएं पांच-पांच सौ रुपये के नोटों से तैयार की गई थीं। प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी बताई जा रही है। मालाओं की लंबाई और वजन इतना अधिक था कि उन्हें संभालने के लिए कई लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को मालाएं पहनाई गईं। घुड़चढ़ी में मौजूद रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया।
गोवर्धन के मैरिज होम में होगी शादी
प्रशांत और कान्हा राघव की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है। दोनों दूल्हे गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे हैं। दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे बताए जा रहे हैं। जीजा के इस अनोखे अंदाज का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है और क्षेत्र में करोड़ों की नोटों की मालाओं को लेकर खूब चर्चा हो रही है।
