लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने श्रद्धांजलि दी। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी अपने पिता को याद करते हुए उनके समाजवादी सिद्धांतों और जीवन से मिली सीख को आत्मसात करने का संकल्प दोहराया।
योगी, केशव मौर्य और पंकज चौधरी ने किया नमन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित मुलायम सिंह यादव की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मुलायम सिंह यादव को समाजवादी पार्टी का संस्थापक और उत्तर प्रदेश का पूर्व मुख्यमंत्री बताते हुए जयंती पर नमन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने भी मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि देते हुए उनके राजनीतिक योगदान को याद किया।
अखिलेश बोले- नेताजी से सीखा बुरे वक्त में साथ देना
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने पिता को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा कि नेताजी की जयंती पर उनके समाजवादी सिद्धांतों और मानवीय एवं व्यावहारिक मूल्यों को और दृढ़ता से आत्मसात करने का संकल्प दोहराते हैं। उन्होंने कहा कि नेताजी से सबसे सरल सीख मिली कि किसी के बुरे वक्त में उसका साथ देना चाहिए। यदि कोई मदद की उम्मीद लेकर आए तो यथासंभव उसकी सहायता करनी चाहिए। अखिलेश ने आगे लिखा कि किसी व्यक्ति के किसी वजह या दबाव में विरोधी हो जाने का मतलब यह नहीं कि वह हमेशा बुरा ही रहेगा। यदि कोई सच्चे मन और निस्वार्थ भाव से रिश्ते सुधारने के लिए आगे आए तो उसे स्वीकार करने में पीछे नहीं हटना चाहिए।
तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री और देश के रक्षा मंत्री रहे नेताजी
मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा जिले के सैफई में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की। वह 1989, 1993 और 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। इसके अलावा देश के रक्षा मंत्री के पद पर भी रहे। मुलायम सिंह यादव पिछड़े वर्गों, शोषित और वंचित तबकों तथा अल्पसंख्यक समुदायों की आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे। वर्ष 1977 में वह पहली बार उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री बने थे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वर्ष 2023 में उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया था। मुलायम सिंह यादव का 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की आयु में निधन हो गया था।
