मेरठ। नीले ड्रम वाले चर्चित सौरभ राजपूत हत्याकांड में फांसी की सजा पाए मुस्कान और साहिल की पैरवी के लिए वकीलों की टीम मेरठ पहुंची। शनिवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के वकीलों ने जिला जेल में बंद दोनों आरोपियों से मुलाकात कर केस से जुड़े तथ्यों पर बातचीत की। दोनों से करीब एक-एक घंटे तक पूछताछ और चर्चा की गई।
फांसी की सजा के खिलाफ हाईकोर्ट में अपील
सौरभ राजपूत हत्याकांड में मेरठ जिला जज की अदालत ने 14 अक्टूबर को मुस्कान और साहिल को फांसी की सजा सुनाई थी। इसके बाद दोनों ने सजा के खिलाफ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। मामले में 30 नवंबर को सुनवाई की तारीख तय है।
जेल में वकीलों ने की दोनों से मुलाकात
जिला जेल के वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि हाईकोर्ट में मुस्कान और साहिल का केस वकील सुशील शुक्ला लड़ रहे हैं। उनकी जूनियर टीम के पैनल से एडवोकेट निधि और एडवोकेट हैप्पी सिंह शनिवार को मेरठ पहुंचे थे। दोनों वकीलों ने जेल में मुस्कान और साहिल से अलग-अलग मुलाकात की। करीब एक-एक घंटे तक केस से जुड़े सवालों और तथ्यों पर चर्चा की गई।
व्यक्तिगत मुलाकात में हुई केस पर चर्चा
जेल अधीक्षक के मुताबिक वकील और बंदी के बीच मुलाकात निजी और एकांत में होती है। इसलिए बातचीत में क्या चर्चा हुई, इसकी जेल प्रशासन को जानकारी नहीं है। दोनों आरोपियों की वकीलों से वन-टू-वन मुलाकात हुई है। अब मुस्कान और साहिल का पूरा ध्यान हाईकोर्ट में अपनी अपील पर है, जहां 30 नवंबर को मामले की सुनवाई होनी है।
