लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ पहुंचे। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित 5वें राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। कार्यक्रम में रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद रहे।प्रधानमंत्री ने विभिन्न ट्रेडों के ऑल इंडिया टॉपर्स को मंच पर सम्मानित किया। समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के हुनरमंद युवा दुनिया की जरूरत बन रहे हैं। जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता।
आईटीआई के हुनरमंद युवाओं की विदेशों में मांग
पीएम मोदी ने कहा कि जब वह विदेश जाते हैं तो कई देशों के लोग बताते हैं कि उनके शहर भारतीय कारीगरों के हुनर से बने हैं। दुबई, सऊदी अरब और अबू धाबी जैसे देशों में भारतीय युवाओं की मेहनत और कौशल दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि दूसरे देशों की सरकारें समझौते करती हैं तो भारत के हुनरमंद युवाओं की मांग सबसे पहले करती हैं। ये युवा केवल विश्वविद्यालयों से नहीं, बल्कि आईटीआई से प्रशिक्षित होते हैं। उनके पास तकनीकी कौशल और काम करने की क्षमता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत तेजी से विश्व की स्किल कैपिटल बन रहा है। उत्तर प्रदेश में पहले युवाओं के लिए अवसरों की कमी थी, लेकिन अब रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं।
एआई नहीं छीन सकता हुनरमंदों का रोजगार
पीएम मोदी ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर हो रही चर्चाओं का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता। उन्होंने गैस संकट के दौरान पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने के प्रयासों का उदाहरण दिया। प्रधानमंत्री ने बताया कि अधिकारियों को प्रतिदिन एक लाख कनेक्शन देने का लक्ष्य दिया गया, लेकिन शुरुआत में संख्या 15 से 25 हजार के बीच ही रही। इसकी वजह पर्याप्त प्लंबरों की कमी सामने आई। उन्होंने कहा कि यही कौशल की ताकत है। सोलर पैनल, खेल, विनिर्माण और हर क्षेत्र में हुनरमंद युवाओं की जरूरत है। कोविड काल में भी पूरी दुनिया ने कुशल कामगारों के महत्व को महसूस किया। भारत मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर निर्माण करने वाला देश बना है, जिसमें युवाओं के कौशल की महत्वपूर्ण भूमिका है।
एक दशक में 5 हजार नई आईटीआई, 2027 में ग्रेटर नोएडा में प्रतियोगिता
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2014 के बाद एक दशक में देश में करीब पांच हजार नई आईटीआई स्थापित की गईं। आईटीआई में छात्रों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है, जबकि छात्राओं की संख्या ढाई गुना से ज्यादा हुई है। प्रशिक्षण व्यवस्था में 30 से अधिक नए ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन, स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। पीएम मोदी ने घोषणा की कि भारत 2027 में वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा। यह प्रतियोगिता ग्रेटर नोएडा में आयोजित होगी, जिसमें एशिया के 30 से अधिक देशों के युवा अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
आईटीआई विद्यार्थियों को भी मिले आईआईटी जैसा सम्मान
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले केवल विश्वविद्यालयों और आईआईटी में दीक्षांत समारोह होते थे, लेकिन अब आईटीआई के विद्यार्थियों के लिए भी कौशल दीक्षांत समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं के पहनावे और उत्साह का जिक्र करते हुए कहा कि हमें गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलना होगा। क्लर्क तैयार करने वाली शिक्षा के बजाय कौशल विकास पर जोर देना चाहिए। आईटीआई में प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थियों को भी समाज में उतना ही सम्मान मिलना चाहिए जितना आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलता है। समारोह में तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, ओडिशा, केरल और उत्तर प्रदेश के दस ऑल इंडिया टॉपर्स को सम्मानित किया गया। उत्तर प्रदेश के शहबाज खान और संध्या देवी भी सम्मानित होने वालों में शामिल रहे।
सोना खरीदने की अपील का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने करीब एक साल पहले सोना खरीदने को लेकर की गई अपील का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देशवासियों से जरूरत न होने पर सोना खरीदने से बचने की अपील की थी। उनके मुताबिक, लोगों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीदारी कम की। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की अपील का उदाहरण देते हुए कहा कि देशवासियों में भरोसा और देशहित में सहयोग करने की भावना रही है। मोदी ने दावा किया कि उनकी अपील मानने से लोगों के पैसे बचे और कई लोगों ने उन्हें इस बात के लिए धन्यवाद भी दिया।
