पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा कार्यकारिणी सदस्य उत्पल राय समेत तमाम नेता सपा में शामिल, चुनाव आयोग से की जाएगी अधिकारियों की शिकायत
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा।इस दौरान उन्होंने भाजपा के चुनाव चिह्न कमल पर तंज कसते हुए कहा कि अब कमल मुरझा गया है और इस बार उत्तर प्रदेश की जनता भाजपा की शानदार विदाई करने जा रही है। उन्होंने कहा कि जिस दिन चुनाव की तारीखों का ऐलान होगा। उसी दिन भाजपा अपनी हार तय मान लेगी। अखिलेश यादव ने दावा किया कि बड़ी संख्या में ऐसे लोग समाजवादी पार्टी में शामिल हो रहे हैं, जो समाजवादी आंदोलन को मजबूत करना चाहते हैं। इस दौरान भाजपा कार्यकारिणी सदस्य और पूर्व राज्यमंत्री उत्पल राय, गाजियाबाद के ब्लॉक प्रमुख अनिल कसाना और रेउसा के ब्लॉक प्रमुख अवधेश चौहान समेत कई नेताओं ने सपा की सदस्यता ग्रहण की।
अग्निवीर योजना पर बोले- सत्ता मिली तो करेंगे खत्म
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने अग्निवीर भर्ती व्यवस्था पर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब भी समाजवादियों को मौका मिलेगा, अग्निवीर जैसी व्यवस्था को हमेशा-हमेशा के लिए खत्म कर दिया जाएगा।उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान को बचाना है तो भाजपा को हटाना होगा। इस बार प्रदेश की जनता भाईचारे, अपनापन और पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को मजबूत करने जा रही है। उन्होंने दावा किया कि सीतापुर में भी भाजपा शून्य होने जा रही है।
चुनाव आयोग और अधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप
सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि आयोग भाजपा के दबाव में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कई जिलों में कुछ अधिकारी भाजपा के पदाधिकारी की तरह काम कर रहे हैं। ऐसे अधिकारियों की सूची तैयार कराई जाएगी और विधायकों व सांसदों के हस्ताक्षर के साथ मुख्य निर्वाचन आयोग को शिकायत भेजी जाएगी।अखिलेश ने बताया कि पार्टी के पास चुनाव आयोग से जुड़े 15 बिंदु हैं, जिनके आधार पर शिकायत की जाएगी। उन्होंने एसआईआर अभियान का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने और मतदाता सूची पर नजर रखने की अपील भी की।
गोरखपुर मामले पर दो दिन बाद करेंगे प्रेस कॉन्फ्रेंस
उन्होंने गोरखपुर में हुई कार्रवाई और गिरफ्तारियों को लेकर भी पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वहां की पुलिस भाजपा कार्यकर्ता के तौर पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शोक अवधि के बाद दो दिन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की सच्चाई सामने रखेंगे। सपा प्रमुख ने कहा कि आज न्याय मिलना और सम्मान पाना सबसे बड़ा संकट बन गया है। भाजपा हटेगी तो यह संकट भी समाप्त होगा।
रिपोर्ट : मुहम्मद साजिद
