बरेली : रामगंगा चौबारी कार्तिक मेले का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ हो गया। बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने हवन-पूजन, फीता काटकर और कबूतर उड़ाकर मेले का उद्घाटन किया। 20 से 28 नवंबर तक चलने वाले मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, मीना बाजार और झूले आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
हवन-पूजन के साथ मेले का शुभारंभ

विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने मेले के शुभारंभ के बाद श्रद्धालुओं को कार्तिक पूर्णिमा की शुभकामनाएं दीं। डीएम ने कहा कि चौबारी मेला हमारी सांस्कृतिक विरासत का परिचायक है। इसे स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना सभी की प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से मेले में आने, आनंद लेने और सुरक्षित वापस लौटने की अपील की।
घाटों पर सुरक्षा, गोताखोर और चिकित्सा व्यवस्था के निर्देश
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को मेले के दौरान डॉक्टरों की तैनाती और चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। नगर मजिस्ट्रेट और एसडीएम सदर को घाटों पर गोताखोर तैनात करने को कहा। साथ ही झूलों को निर्धारित मानकों के अनुसार लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के निर्देश दिए। मेले में सड़क मरम्मत, घाटों पर रोशनी, हाईमास्ट लाइट, साफ-सफाई और चिकित्सा सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
श्रद्धालुओं से सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील

प्रशासन ने रामगंगा घाट पर स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। स्नान के दौरान घाटों पर निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। शुभारंभ कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक, एसपी सिटी, एसडीएम सदर एवं ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ईशिता किशोर, तहसीलदार सदर सहित अन्य अधिकारी और मेला कमेटी के सदस्य मौजूद रहे।
