मतदान के दिन नहीं होगी ईवीएम चलाने में परेशानी, कलेक्ट्रेट समेत जिले की सभी छह तहसीलों में मिलेगी सुविधा
बरेली : अब मतदाताओं को ईवीएम से वोट डालने की प्रक्रिया समझने के लिए मतदान के दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। बरेली जिला प्रशासन ने मतदाताओं की सुविधा और जागरूकता के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर शुरू किया है। यहां पहुंचकर कोई भी मतदाता खुद ईवीएम का बटन दबाकर मतदान की पूरी प्रक्रिया सीख सकता है। डीएम अविनाश सिंह ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान करीब 15 लोगों ने डीएम के सामने डमी वोट डालकर ईवीएम चलाने का अभ्यास किया।
खुद बटन दबाकर समझ सकेंगे वोट डालने की प्रक्रिया
कलेक्ट्रेट परिसर में बनाए गए डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट मशीन लगाई गई हैं। मशीनों पर डमी प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिह्न भी प्रदर्शित किए गए हैं। यहां मतदाताओं को बताया जा रहा है कि मतदान के दौरान सबसे पहले कंट्रोल यूनिट से प्रक्रिया शुरू होती है। इसके बाद मतदाता बैलेट यूनिट पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के चुनाव चिह्न के सामने वाला बटन दबाता है। वोट डालने के बाद वीवीपैट मशीन में संबंधित पर्ची दिखाई देती है। इस तरह मतदाता वास्तविक मतदान से पहले ही पूरी प्रक्रिया का अभ्यास कर सकेंगे।
डीएम के सामने 15 लोगों ने डाला डमी वोट
डेमोंस्ट्रेशन सेंटर के शुभारंभ के दौरान डीएम अविनाश सिंह की मौजूदगी में करीब 15 लोगों ने ईवीएम पर डमी वोट डाला। सभी ने खुद बटन दबाकर मतदान की प्रक्रिया समझी। अभ्यास करने वाले लोगों ने अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने के साथ हस्ताक्षर भी किए। डीएम ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से भी लोग कलेक्ट्रेट पहुंचकर ईवीएम की कार्यप्रणाली की जानकारी ले रहे हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मतदान के समय किसी भी मतदाता को मशीन चलाने में परेशानी न हो।
जिले की सभी छह तहसीलों में शुरू हुई व्यवस्था
मतदाता जागरूकता अभियान को जिलेभर में पहुंचाने के लिए सभी छह तहसीलों के मुख्यालयों पर भी ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन की व्यवस्था शुरू की गई है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले मतदाताओं को भी अपने नजदीकी तहसील मुख्यालय पर ईवीएम चलाने का अभ्यास करने का मौका मिलेगा। खासतौर पर पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं के लिए यह व्यवस्था उपयोगी साबित हो सकती है।
बुजुर्ग और नए मतदाताओं का दूर होगा भ्रम
डीएम अविनाश सिंह के मुताबिक, डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर कई बुजुर्ग महिलाएं और ऐसे मतदाता भी पहुंच रहे हैं। जिन्हें ईवीएम से मतदान करने की प्रक्रिया की पूरी जानकारी नहीं है। उन्हें मशीन पर अभ्यास कराकर मतदान का तरीका समझाया जा रहा है। इससे ईवीएम को लेकर मन में मौजूद भ्रम और झिझक भी दूर होगी।
सुबह 10 से शाम 5 बजे तक मिलेगी सुविधा
जिला प्रशासन के अनुसार कलेक्ट्रेट स्थित ईवीएम डेमोंस्ट्रेशन सेंटर पर कार्यालय खुलने के दौरान सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक मतदाता अभ्यास कर सकेंगे। मतदाता यहां पहुंचकर बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की कार्यप्रणाली को समझ सकते हैं। जिले की सभी छह तहसीलों में भी इसी तरह की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
