सपा प्रमुख ने पांच लोगों की गिरफ्तारी पर जताई नाराजगी, वीडियो साक्ष्य होने का किया दावा, CM योगी की मां के निधन पर जताया शोक
लखनऊ : समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गोरखपुर में सपा के रोड शो के दौरान हुए हादसे में गिरफ्तारियों को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने PDA समाज के चार लोगों को झूठे आरोपों में निरुद्ध और गिरफ्तार किए जाने का आरोप लगाते हुए माननीय न्यायालय से स्वतः संज्ञान लेकर तत्काल जांच कराने की मांग की है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर दावा किया कि इस मामले में वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं। इसके बावजूद संबंधित लोगों के साथ अन्याय किया जा रहा है।अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में शिवांग निषाद, नरसिंह यादव, राहुल यादव और वीरेंद्र यादव के नाम लेते हुए कहा कि गोरखपुर एक्सीडेंट मामले में इन लोगों को झूठे आरोपों में निरुद्ध और गिरफ्तार किए जाने का समाचार दुखद और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि जब मामले में वीडियो साक्ष्य उपलब्ध हैं, तब भी इस तरह की कार्रवाई अन्याय और अत्याचार है। सपा प्रमुख ने न्यायालय से मांग की कि मामले का स्वतः संज्ञान लेकर तत्काल जांच कराई जाए।
क्या है पूरा गोरखपुर हादसा?
दरअसल, गोरखपुर में अखिलेश यादव के कार्यक्रक के दौरान जेसीबी की चपेट में आने से 13 वर्षीय आर्यवर्धन की मौत हो गई थी। आर्यवर्धन भाजपा नेता ओंकार सिंह का बेटा था। घटना के बाद परिजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया था। मामले में पुलिस ने गिरफ्तारियां की हैं और जेसीबी चालक के साथ रोड शो के आयोजकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। इसी कार्रवाई को लेकर अब अखिलेश यादव ने सवाल उठाए हैं।हालांकि, गिरफ्तार लोगों को निर्दोष बताना अखिलेश यादव का आरोप है; मामले में उनकी भूमिका का अंतिम निर्धारण जांच और न्यायिक प्रक्रिया से होगा।
सुभासपा की 36 सीटों की मांग पर भाजपा को घेरा

गोरखपुर हादसे पर प्रतिक्रिया देने के साथ ही अखिलेश यादव ने सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी की ओर से भाजपा से 36 विधानसभा सीटें मांगे जाने पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि सुभासपा और भाजपा के बीच छत्तीस का आंकड़ा हो गया है, इसलिए 36 सीटों की मांग की जा रही है। अखिलेश ने इसे हारते हुए NDA से बाहर निकलने का बहाना बताया। उन्होंने अपनी पोस्ट में दावा किया कि यदि भाजपा सुभासपा को 36 सीटें देने पर मजबूर होती है तो गठबंधन के दूसरे दल और बी-टीम भी उसी आधार पर सीटों की मांग करेंगे। ऐसी स्थिति में भाजपा के पास अपने प्रत्याशियों को चुनाव लड़ाने के लिए लगभग आधी सीटें ही बचेंगी। अखिलेश ने भाजपा की 209 प्रत्याशियों वाली सूची का जिक्र करते हुए भी राजनीतिक तंज कसा।
मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर जताई संवेदना
राजनीतिक हमलों के बीच अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन पर शोक भी व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर इसे अत्यंत दुखद समाचार बताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही शोक संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
दीपांकर भट्टाचार्य से की मुलाकात
एसपी अखिलेश यादव ने CPI (ML) के वरिष्ठ नेता दीपांकर भट्टाचार्य के साथ हुई विशेष मुलाकात की जानकारी भी सोशल मीडिया पर साझा की।
