रामपुर। मनी लॉन्ड्रिंग मामले में जेल से रिहा हुए समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने ईडी की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए दावा किया कि उन्हें गिरफ्तार करने के लिए एजेंसी के पास वारंट नहीं था। उन्होंने अंगूठे के निशान को लेकर भी आपत्ति जताई और इस मामले में अलग से हाईकोर्ट में रिट दाखिल करने की बात कही। आजम खां ने आरोप लगाया कि इस संबंध में झूठा हलफनामा दिया गया है। मीडिया से बातचीत के दौरान आजम खां ने कहा कि अंगूठे का जो निशान दिखाया जा रहा है, वह दिल्ली में पूछताछ के दौरान का है, रामपुर जेल का नहीं। उन्होंने कहा कि इस मामले में कानूनी लड़ाई जारी रखेंगे और अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
ईडी की कार्रवाई और जेल में हुए व्यवहार पर उठाए सवाल
आजम खां ने अपने ऊपर बीते समय में हुई कार्रवाई और मुश्किलों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने बहुत दुख सहे हैं और उनके साथ बहुत जुल्म हुए हैं। जेल में रहने के दौरान स्वास्थ्य पर पड़े असर का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि सरेंडर के समय उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ चोरी, बेईमानी और कमीशन लेने के आरोप नहीं लगे, इसके बावजूद उन्हें कई मुकदमों और कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। ईडी की कार्रवाई के दौरान मुरादाबाद पुलिस पर चोट पहुंचाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने इसे अमानवीय व्यवहार और मानवाधिकारों का उल्लंघन बताया। आजम खां ने कहा कि जब ईडी उन्हें लेने पहुंची थी, तब उसके पास वारंट नहीं था। उनके मुताबिक अदालत ने भी इस बात को संज्ञान में लिया है। उन्होंने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
जौहर विश्वविद्यालय पर बुलडोजर चलाने की चुनौती
जौहर विश्वविद्यालय को लेकर आजम खां ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह अपना मुकदमा वापस लेने के बारे में सोच रहे हैं। इसके बाद ऐलान करेंगे कि बुलडोजर लाइये और विश्वविद्यालय की जितनी इमारतें हैं, उन्हें तोड़ दीजिए। उन्होंने कहा कि दुनिया देखे कि शिक्षा का मंदिर अगर कोई मुसलमान बनाता है तो उसे किस तरह गिराया जाता है। मुकदमा वापस लेने के बाद रामपुर विकास प्राधिकरण को विश्वविद्यालय गिराने के लिए आमंत्रित करने की बात भी कही। विश्वविद्यालय के निर्माण में समाज के लोगों के योगदान का जिक्र करते हुए आजम खां ने बताया कि करीब 20 साल पहले फिरोजाबाद की एक महिला ने हज पर जाने के बजाय अपनी रकम जौहर विश्वविद्यालय को दान कर दी थी। उन्होंने कहा कि निर्माण के दौरान सैकड़ों लोगों ने श्रमदान किया था और विश्वविद्यालय केवल एक व्यक्ति का प्रयास नहीं, बल्कि समाज के लोगों के सहयोग से बना है। मुर्गी और बकरी चोरी के मुकदमे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इन मामलों में उन्हें 21 साल की सजा और 36 लाख रुपये का जुर्माना सुनाया गया। आसरा योजना के मकानों का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जमीन सरकार की थी, निर्माण सरकारी एजेंसी ने कराया, आवंटन जिलाधिकारी ने किया और कब्जा गरीब लोगों ने लिया।
चुनाव, भाईचारे और ओवैसी पर टिप्पणी
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आजम खां ने कहा कि चुनाव में अभी काफी वक्त है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं होंगे। उनके मुताबिक लोग समझ चुके हैं कि धर्म और मजहब को नुकसान पहुंचाने वाले कौन हैं। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी आपसी भाईचारे और मोहब्बत का संदेश दे रही है, जबकि दूसरी तरफ नफरत का एजेंडा चलाया जा रहा है। उत्तर प्रदेश को पाकिस्तान से बड़ा प्रदेश बताते हुए उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव और वह अलग-अलग जाकर पार्टी के लिए काम करेंगे। एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का नाम लिए बिना उन पर कटाक्ष करते हुए आजम खां ने कहा कि वह बैरिस्टर हैं, मौलाना नहीं। दाढ़ी रखने से कोई मौलाना या साधु नहीं बन जाता। मौलाना बनने के लिए मौलवियत की डिग्री और फतवा देने के लिए मुफ्ती की डिग्री होनी चाहिए। उन्होंने अपने लिए दुआ करने वालों का शुक्रिया अदा करते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति उनका घर चार कदम की दूरी पर होने के बावजूद मिलने नहीं आया। आजम खां ने तंज कसते हुए कहा कि उनके लिए दुआ नहीं, उनके दुश्मनों के लिए दवा थी।
