नई दिल्ली : शादी समारोह, धार्मिक यात्राओं, स्कूल-कॉलेज के टूर, खेल आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग एक साथ ट्रेन से सफर करते हैं। ऐसे में सभी यात्रियों के टिकट एक साथ बुक कराना और सीटें उपलब्ध होना कई बार मुश्किल हो जाता था। रेलवे ने अब ग्रुप बुकिंग की प्रक्रिया आसान बनाने के लिए नियमों में बदलाव किया है।
सुबह 9 बजे से स्वीकार होंगे आवेदन
रेलवे ने सामूहिक टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में बदलाव करते हुए नया कमर्शियल सर्कुलर जारी किया है। दक्षिण पश्चिम रेलवे ने पुरानी व्यवस्था की जगह नए नियम लागू किए हैं। अब प्रमुख आरक्षण केंद्रों पर ग्रुप बुकिंग के आवेदन सुबह 9 बजे से स्वीकार किए जाएंगे। यह समय सामान्य यात्रियों की एडवांस रिजर्वेशन अवधि शुरू होने के एक घंटे बाद निर्धारित किया गया है।
अधिकारियों को बिना बर्थ सीमा के मंजूरी का अधिकार
दक्षिण पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. मंजूनाथ कनमडी के अनुसार, चीफ रिजर्वेशन सुपरवाइजर और स्टेशन मैनेजर अब बिना किसी निर्धारित बर्थ सीमा के ग्रुप बुकिंग को मंजूरी दे सकेंगे। यह सुविधा सभी श्रेणियों में कन्फर्म, आरएसी और वेटिंग टिकटों के लिए उपलब्ध होगी। हालांकि, रेलवे ने स्पष्ट किया है कि इसका लाभ वास्तविक जरूरत वाले समूहों को ही मिलेगा। टिकटों की कालाबाजारी और बर्थ रोकने की कोशिशों पर सख्ती की जाएगी। आवेदन सीधे अधिकृत रेलवे अधिकारी के पास जमा करना होगा।
वापसी यात्रा के लिए भी मिलेगी सुविधा
नई व्यवस्था के तहत वापसी यात्रा के लिए भी उसी आरक्षण कार्यालय से ग्रुप बुकिंग कराई जा सकेगी। हालांकि, इसे अलग बुकिंग माना जाएगा और इसके लिए अलग प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक स्वीकृत बुकिंग का अलग रजिस्टर रखा जाएगा। आवेदन फॉर्म और यात्रियों की सूची के प्रत्येक पन्ने पर संबंधित अधिकारी की मुहर और हस्ताक्षर भी अनिवार्य होंगे। फिलहाल ये नियम दक्षिण पश्चिम रेलवे जोन में लागू किए गए हैं। नई व्यवस्था से सामूहिक यात्रा करने वाले यात्रियों को टिकट बुकिंग में राहत मिलने की उम्मीद है।
