बरेली : वैज्ञानिक अनुसंधान की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ प्रयोगशालाओं और शोधपत्रों से निकलकर किसानों और पशुपालकों तक पहुंचे। पशुओं में बीमारियों की रोकथाम और पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने के लिए वैज्ञानिकों को किसान-केंद्रित नवाचारों पर काम करना होगा। आधुनिक तकनीकों और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के साझा प्रयास से ही बेहतर परिणाम हासिल किए जा सकते हैं। यह बात गुरुवार को भारतीय पशुचिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आईवीआरआई) की संयुक्त निदेशक (केडराड) डॉ. सोहिनी डे ने कही। वह संस्थान में आयोजित 35वीं राष्ट्रीय पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान कांग्रेस एवं राष्ट्रीय संगोष्ठी के समापन समारोह को संबोधित कर रही थीं।
आधुनिक तकनीक से रोगों की निगरानी पर जोर
डॉ. सोहिनी डे ने कहा कि अनुसंधान में जीनोमिक निगरानी और औषधि प्रतिरोध की पहचान जैसी आधुनिक तकनीकों को शामिल करना जरूरी है। लंपी स्किन डिजीज का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि रोगों के प्रसार में वाहक कीटों की भूमिका समझने और उनके नियंत्रण के लिए विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों को मिलकर काम करना होगा। विशिष्ट अतिथि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी, देहरादून के वरिष्ठ भारतीय वन सेवा अधिकारी एवं वन्यजीव संरक्षण विशेषज्ञ डॉ. एम. सुधाकर ने कहा कि वन्यजीवों, घरेलू पशुओं, मनुष्यों और पर्यावरण का स्वास्थ्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है। इसलिए वन्यजीवों में होने वाले रोगों और परजीवी संक्रमणों की रोकथाम के लिए एकीकृत रणनीति अपनाने की आवश्यकता है।
आठ वैज्ञानिक सत्रों में साझा किए शोध निष्कर्ष
भारतीय पशुचिकित्सा परजीवी विज्ञान संघ के उपाध्यक्ष डॉ. सुरेश जाधव ने कहा कि ऐसे आयोजन वैज्ञानिकों को अपने अनुभव और शोध साझा करने के साथ नए शोध सहयोग विकसित करने का अवसर देते हैं। इससे युवा वैज्ञानिकों को भी प्रोत्साहन मिलता है। संघ के संयुक्त सचिव डॉ. जी. चिगूरे ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की। तीन दिवसीय सम्मेलन में आठ वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए। विशेषज्ञों ने व्याख्यान और पोस्टर प्रस्तुतियों के माध्यम से परजीवी रोगों के आधुनिक निदान, टीका विकास, रोगों की निगरानी, जैव प्रौद्योगिकी और एकीकृत परजीवी प्रबंधन से जुड़े शोध निष्कर्ष साझा किए।
परजीवी संक्रमण से घटती है पशुओं की उत्पादकता
गड़वासू लुधियाना के डॉ. हरकीरत सिंह ने बताया कि परजीवी संक्रमण पशुओं को नुकसान पहुंचाने के साथ छोटे किसानों की आर्थिक स्थिति पर भी असर डालता है। इससे बचाव के लिए पशुओं के आसपास साफ-सफाई रखना जरूरी है। बीमारी के शुरुआती लक्षण दिखाई देने पर पशु चिकित्सक से संपर्क करना चाहिए। पशुओं में भूख कम होना, दूध उत्पादन घटना और पेट में सूजन जैसे लक्षण दिखाई देने पर गोबर और खून की जांच करानी चाहिए। भेड़-बकरियों में भी परजीवी संक्रमण की समस्या देखने को मिलती है। गड़वासू लुधियाना के डॉ. विक्रांत सूदन ने बताया कि परजीवी संक्रमण मुख्य रूप से बाहरी और अंदरूनी दो तरह के होते हैं। अंदरूनी परजीवी पशुओं के शरीर के भीतर रहकर नुकसान पहुंचाते हैं, जबकि बाहरी परजीवियों में मच्छर और अन्य कीट शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इनसे बचाव के लिए नियमित साफ-सफाई जरूरी है। पशु चिकित्सक की सलाह से दवाओं, स्प्रे और इंजेक्शन का इस्तेमाल करना चाहिए। कुछ संक्रमण पशुओं से मनुष्यों में भी पहुंच सकते हैं, इसलिए इनकी रोकथाम को गंभीरता से लेना आवश्यक है।
