पीलीभीत। पीलीभीत-बीसलपुर हाईवे पर बुधवार दोपहर सड़क हादसे के बाद विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। सपा के पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू के काफिले में शामिल एक कार भाजपा नेता के डंपर से टकरा गई। इसके बाद कार चालक पर डंपर चालक से मारपीट करने का आरोप है। बीच-बचाव करने पहुंचे बरखेड़ा क्षेत्र के क्षेत्र पंचायत सदस्य माखनलाल वर्मा के साथ भी मारपीट और पिस्टल तानने का आरोप लगाया गया है। घटना बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव रायपुर के पास बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे हुई। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कार और डंपर की टक्कर के बाद बढ़ा विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सपा के पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां का काफिला पीलीभीत की ओर जा रहा था। इसी दौरान काफिले में शामिल एक कार डंपर से साइड लगने के कारण क्षतिग्रस्त हो गई। इसके बाद कार चालक ने हंगामा शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर कार चालक ने डंपर चालक लवप्रीत के साथ मारपीट की। वहां से गुजर रहे क्षेत्र पंचायत सदस्य माखनलाल वर्मा ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि काफिले में शामिल लोगों ने उन पर पिस्टल तान दी।
भाजपा नेता के डंपर को लेकर भी आरोप
डंपर संतोख सिंह संधू का बताया जा रहा है, जो भाजपा के सदस्य हैं। उनकी पत्नी नगर पंचायत अध्यक्ष हैं। संतोख सिंह का आरोप है कि सपा के काफिले में शामिल कार गलत तरीके से डंपर को ओवरटेक कर रही थी, जिससे कार को नुकसान पहुंचा। उन्होंने फोन पर अभद्रता किए जाने का आरोप भी लगाया है। वहीं, पूर्व मंत्री अनीस अहमद खां उर्फ फूल बाबू ने घटना से खुद को अलग बताया है। उनका कहना है कि घटना के समय वह काफिले में मौजूद नहीं थे, बल्कि सपा जिलाध्यक्ष के साथ थे। उन्होंने कहा कि उन्हें इस मामले की जानकारी नहीं है।
पुलिस ने वाहनों को कब्जे में लिया
घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति नियंत्रित की। दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सीज करने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की बात भी कही गई है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और मारपीट व पिस्टल तानने के आरोपों की पुष्टि की जा रही है।
रिपोर्ट- ऋतिक द्विवेदी
