बरेली : थाना क्षेत्र के शंखा पुल के पास करीब एक साल से बंद एएनए कट को एनएचएआई ने मंगलवार देर रात दोबारा खोल दिया। कट खुलने के बाद गुरुवार देर शाम एएनए रोड पर हादसा हो गया। सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने के प्रयास में एक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। हादसे में ऑटो चालक और उसका सगा भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, शाही थाना क्षेत्र के गांव दुनका निवासी सुनील कुमार अपने भाई धर्मेंद्र कुमार और अन्य परिजनों के साथ ऑटो से बरेली में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। ऑटो सुनील चला रहे थे। गुरुवार देर शाम एएनए रोड पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार वाहन को बचाने के प्रयास में ऑटो अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें
हादसे में सुनील कुमार और उनके भाई धर्मेंद्र कुमार घायल हो गए। धर्मेंद्र के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा दिया है। घायलों का उपचार जारी है।
पीएमओ के निर्देश पर बंद कराया गया था कट
गौरतलब है कि कस्बे के छात्र असद अंसारी ने शंखा पुल के पास एएनए कट और राधा-कृष्ण मंदिर कट पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर प्रधानमंत्री कार्यालय में शिकायत की थी। पीएमओ के निर्देश पर एनएचएआई मुरादाबाद डिवीजन के परियोजना निदेशक को जांच कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद एनएचएआई ने शंखा के पास एएनए कट बंद कर दिया था। कट बंद होने के बाद वाहन चालकों को करीब दो किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती थी। इससे बचने के लिए कुछ वाहन चालक डिवाइडर पार करने लगे थे, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका जताई जा रही थी। हालांकि, कट बंद रहने के दौरान स्थानीय स्तर पर कोई हादसा सामने नहीं आया था।
कट खुलने के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
करीब एक साल बाद मंगलवार देर रात कट को दोबारा खोल दिया गया। इसके बाद गुरुवार शाम एएनए रोड पर ऑटो पलटने की घटना सामने आई। हादसे के बाद कट खोलने के फैसले और वहां की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों के बीच अब कट पर यातायात नियंत्रण, संकेतक, सुरक्षा इंतजाम और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
