बरेली। शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) ने बड़ा अभियान चलाया है। बुधवार को इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम कंजादासपुर और धौरेरामाफी में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही चार अवैध कॉलोनियों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। करीब 22 हजार वर्गमीटर भूमि पर हो रही अवैध प्लॉटिंग को बुलडोजर से ध्वस्त कराया गया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अवैध निर्माण के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप मंडलायुक्त शंभू कुमार की प्रेरणा और बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय के निर्देशन में प्रवर्तन टीम ने की।
चार कॉलोनियों में चल रही थी अवैध प्लॉटिंग
प्राधिकरण की पहली कार्रवाई थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम कंजादासपुर में सिराज द्वारा करीब 6,000 वर्गमीटर भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ की गई। इसके बाद ग्राम धौरेरामाफी में रजनीश कुमार की ओर से करीब 3,000 वर्गमीटर, सत्यपाल द्वारा लगभग 8,000 वर्गमीटर और रवि पटेल द्वारा करीब 5,000 वर्गमीटर क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की गई। इन सभी स्थानों पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के भूखंडों का चिन्हांकन, सड़क निर्माण और बाउंड्रीवॉल बनाने का काम कराया जा रहा था। प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग से जुड़े कार्यों को ध्वस्त करा दिया।
बिना नक्शा स्वीकृति निर्माण पर सख्ती
बीडीए अधिकारियों के अनुसार, उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की सुसंगत धाराओं के तहत यह कार्रवाई की गई। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृत मानचित्र के कॉलोनी विकसित करना और प्लॉटिंग करना नियमों के विरुद्ध है। ऐसे निर्माणों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की मंशा है कि शहरों का विकास सुनियोजित तरीके से हो और नागरिकों की मेहनत की कमाई अवैध कॉलोनियों में न फंसे। अवैध प्लॉटिंग में सड़क, सीवर और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव रहता है, जिससे खरीदारों का निवेश भी जोखिम में पड़ सकता है।
प्लॉट खरीदने से पहले स्वीकृति जरूर जांचें
प्राधिकरण ने आमजन से अपील की है कि किसी भी भवन या भूखंड को खरीदने से पहले उसके मानचित्र और कॉलोनी की स्वीकृति की जांच जरूर करें। निर्माण या प्लॉटिंग से पहले प्राधिकरण से मानचित्र स्वीकृत कराना अनिवार्य है। बिना स्वीकृति किया गया निर्माण अवैध माना जाएगा और उसे ध्वस्त किया जा सकता है। नागरिक बीडीए कार्यालय अथवा प्राधिकरण की वेबसाइट www.bdainfo.org पर जाकर मानचित्र की स्वीकृति की पुष्टि कर सकते हैं। अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि बरेली को सुनियोजित, सुरक्षित और व्यवस्थित शहर बनाया जा सके।
