बरेली। लोक निर्माण विभाग (PWD) के निर्माण खंड भवन में एरियर के नाम पर 1.28 करोड़ रुपये के कथित फर्जी भुगतान का मामला अब कार्रवाई के इंतजार में अटक गया है। महालेखाकार प्रयागराज की जांच में 11 में से 10 भुगतान फर्जी पाए गए थे। मामला सामने आने के बाद पूरी रकम विभागीय खाते में वापस जमा करा दी गई, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदारों पर कार्रवाई आगे नहीं बढ़ सकी। करीब एक महीने से जांच रिपोर्ट शासन में अटकी है। वहीं, अधिशासी अभियंता की ओर से कोतवाली में तहरीर दिए जाने के बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हो पाई है। करीब दो महीने पहले महालेखाकार प्रयागराज की जांच में एरियर भुगतान में गड़बड़ी सामने आई थी। जांच में 11 में से 10 भुगतान फर्जी पाए गए। इसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। एरियर के नाम पर 68.52 लाख और 60.21 लाख रुपये के दो जाली बिलों के जरिये चपरासियों, करीबियों और एक कर्मचारी की पत्नी के खाते में भी सरकारी धन भेजा गया था। मामले में विभाग के वरिष्ठ सहायक अभिषेक सक्सेना का नाम सामने आया। बाद की जांच में भी उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठे। मामला खुलने और जांच शुरू होने के बाद आनन-फानन पूरी 1.28 करोड़ रुपये की धनराशि विभागीय खाते में जमा करा दी गई। हालांकि, रकम वापस आने के बाद भी कार्रवाई की रफ्तार नहीं बढ़ी। अब सवाल उठ रहा है कि जब भुगतान में गड़बड़ी सामने आ चुकी है और रकम भी वापस जमा हो चुकी है तो जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई में देरी क्यों हो रही है।
तहरीर में छह नाम, हस्ताक्षर एक के; एफआईआर अटकी
मामले की जांच शुरू होने के बाद अधिशासी अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को पत्र लिखकर प्रशासनिक अधिकारी सुरेंद्र पाल, खंडीय लेखाधिकारी राहुल शर्मा, तत्कालीन अधिष्ठान सहायक रितेश आनंद और पटल सहायक अभिषेक आनंद का सितंबर का वेतन रोकने की संस्तुति की थी। साथ ही अभिषेक सक्सेना को निलंबित करने की भी सिफारिश की गई थी। इसके अलावा एक्सईएन अब्दुल सत्तार की ओर से कोतवाली में तहरीर भी दी गई। हालांकि, पुलिस के मुताबिक तहरीर में छह नाम शामिल थे, लेकिन हस्ताक्षर एक ही व्यक्ति के थे। इस संबंध में दोबारा संशोधित तहरीर नहीं दी गई। इसी वजह से एक महीने बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हो सकी। उधर, जिन अधिकारियों और कर्मचारियों का वेतन रोकने की संस्तुति की गई थी, उनमें से किसी का वेतन नहीं रोका गया और न ही संबंधित बाबू को निलंबित किया गया।
रकम वापस लेने के बाद भी महीनों तक सरकारी खाते में जमा नहीं की
बताया जा रहा है कि साल की शुरुआत में एरियर के नाम पर करीब 1.28 करोड़ रुपये चपरासियों और अन्य कर्मचारियों के खातों में भेजे गए थे। कुछ ही दिन बाद गलती होने की बात कहकर उनसे रकम वापस ले ली गई। एक चपरासी के खाते में 2,15,166 रुपये भेजे गए थे। बाद में बाबू अभिषेक आनंद ने गलती होने की बात कहकर उससे 2,15,000 रुपये वापस ले लिए। महालेखाकार कार्यालय की वैलिडेशन सेल की जांच में अगस्त में यह मामला सामने आया। तब तक सरकारी खाते में रकम जमा नहीं कराई गई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग लखनऊ के वित्त नियंत्रक विनोद कुमार ने 22 सितंबर को पत्र जारी कर एक सप्ताह के भीतर जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रमुख अभियंता (विकास) एवं विभागाध्यक्ष को सौंपने का निर्देश दिया था। इसके बाद आनन-फानन पूरी धनराशि सरकारी खाते में जमा कराई गई। ऐसे में सवाल है कि यदि रकम वापस ले ली गई थी तो उसे मार्च में ही सरकारी खाते में जमा क्यों नहीं कराया गया? अगस्त-सितंबर तक रकम निजी खातों से वापस लेकर सरकारी खाते में जमा कराने की प्रक्रिया क्यों लंबित रही?
पहले भी वित्तीय गड़बड़ी में आया था बाबू का नाम, फिर मिला संवेदनशील प्रभार
एरियर भुगतान में गड़बड़ी के मामले में जिस बाबू अभिषेक आनंद की भूमिका पर सवाल उठे हैं, उसका विभागीय रिकॉर्ड भी चर्चा में है। वर्ष 2019 में प्रांतीय खंड में चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़े फर्जीवाड़े में दोषी पाए जाने के बाद उसकी सर्विस बुक में रेड एंट्री की गई थी। साथ ही उसे वित्तीय कार्य नहीं सौंपने का आदेश भी हुआ था। इसके बावजूद वर्ष 2025 में तत्कालीन अधिशासी अभियंता ने उसे नियमों को ताक पर रखकर अधिष्ठान सहायक (प्रथम) का संवेदनशील प्रभार दे दिया। मामले की जांच की आंच अधीक्षण अभियंता केके सिंह और एक्सईएन अब्दुल सत्तार तक भी पहुंची। दोनों समेत संबंधित बाबुओं के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। हालांकि, मुख्य अभियंता सीपी गुप्ता मुख्यालय की जांच रिपोर्ट का हवाला देकर आगे की कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। करोड़ों रुपये के कथित फर्जी भुगतान का मामला सामने आने, रकम वापस जमा होने और जांच पूरी होने के बावजूद अब तक कार्रवाई न होने से विभागीय जवाबदेही पर सवाल उठ रहे हैं।
