रामपुर : जेल से रिहा होने के बाद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी चुप्पी तोड़ी। उन्होंने सरकार, जांच एजेंसियों और संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए। आजम खां ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नफरत का एजेंडा फैलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं को अपनी लाज खुद रखनी चाहिए और यह सोचना चाहिए कि देश उनके बारे में क्या सोचता है। चुनाव आयोग का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि इसकी वजह से दुनिया में बदनामी हुई है। आजम खां ने ईडी, विकास प्राधिकरण और सीबीआई जैसी एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि इनकी वजह से लोग दुखी और परेशान हैं।
जौहर विश्वविद्यालय और संपत्ति को लेकर उठाए सवाल
आजम खां ने अपनी संपत्ति और जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े मामलों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके पास इस घर के अलावा कोई दूसरा मकान नहीं है। उन्होंने कहा कि 50 साल तक लखनऊ की राजनीति में रहे और चार बार मंत्री बने, लेकिन आज भी उनके पास दूसरा घर नहीं है। इसके बावजूद आयकर विभाग ने उनके खिलाफ कितना बड़ा हिसाब निकाल दिया। उन्होंने दावा किया कि जौहर विश्वविद्यालय के भवन वर्ष 2004, 2005 और 2006 में ही बन चुके थे। उस समय 90 प्रतिशत भवन तैयार हो चुके थे। उनके मुताबिक आयकर विभाग ने गलत दरों के आधार पर आकलन किया। आजम खां ने कहा कि जब जौहर विश्वविद्यालय बनी थी, तब रामपुर विकास प्राधिकरण का गठन भी नहीं हुआ था।
बोले- बच्चों से बीड़ी बनवा लेता, लेकिन जेल नहीं जाने देता
आजम खां ने कहा कि आजादी से बढ़कर कोई दौलत नहीं है। वह अपने बच्चों से बीड़ी बनवा लेते, लेकिन उन्हें जेल नहीं जाने देते, भले ही इसके लिए उन्हें रिक्शा चलाना पड़ता। उन्होंने अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए मानवाधिकार आयोग के नियमों के उल्लंघन और ज्यादती का आरोप लगाया। अपने वजन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले उनका वजन 98 किलो था, जो अब घटकर 70 किलो रह गया है। आजम खां ने कहा कि उन पर चोरी, बेईमानी और कमीशन लेने का आरोप नहीं लगा, बल्कि उनसे मुर्गी, बकरी और भैंस चोरी करवाने जैसी बातें की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि ईडी की कार्रवाई के दौरान मुरादाबाद पुलिस ने उन्हें चोट पहुंचाई। अपने साथ हुए व्यवहार को अमानवीय बताते हुए उन्होंने मानवाधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया।
