बरेली। कलेक्ट्रेट स्थित सभागार में बुधवार को अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) दिव्या ओझा की अध्यक्षता में जिला सैनिक बंधु बैठक आयोजित की गई। बैठक में पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। एडीएम ने एक-एक कर उनकी शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
लंबित प्रार्थना पत्रों के निस्तारण पर जोर
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पूर्व सैनिकों के लंबित प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर उसकी आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व सैनिकों की समस्याओं के समाधान में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाए और सभी मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
शस्त्र लाइसेंस और चकरोड से जुड़े मामलों पर निर्देश
बैठक में जनपद के वृद्ध और अक्षम सैनिकों के शस्त्र लाइसेंस उनके वारिसों के नाम दर्ज कराने से संबंधित प्रार्थना पत्रों पर भी चर्चा हुई। एडीएम ने इन मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं, खेत तक जाने वाले अवरुद्ध चक मार्ग को खुलवाने और जमीन की पैमाइश कराने से जुड़े मामलों में संबंधित उपजिलाधिकारियों को बैठक के दौरान ही फोन कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। पुलिस से संबंधित शिकायतों के निस्तारण के लिए भी अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
पूर्व सैनिकों को हर संभव सहायता का आश्वासन
अपर जिलाधिकारी दिव्या ओझा ने पूर्व सैनिकों को आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ शिकायतों का निस्तारण करने को कहा। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, जिला पूर्ति अधिकारी, सेवायोजन अधिकारी, जाट रेजीमेंट सेंटर के सूबेदार मेजर एमएस विष्ट, पूर्व सैनिक और उनके आश्रित उपस्थित रहे। बैठक का संचालन जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी ग्रुप कैप्टन आशीष कुमार (अ.प्रा.) ने किया।
