PCS का स्टीकर, हूटर और सायरन लगी अर्टिगा कार से पहुंचे थे आरोपी,मिलावटी मिठाई की जांच और सैंपल भरने का डर दिखाकर मांगे थे 10 हजार रुपये
बरेली : उत्तर प्रदेश के बरेली में सरकारी अधिकारी बनकर दुकानदारों से अवैध वसूली करने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। आंवला थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी बनकर मिठाई की दुकान पर पहुंचे चार लोगों ने मिलावटी मिठाई बेचने की शिकायत और सैंपल भरने के नाम पर दुकानदार को कार्रवाई का डर दिखाया। आरोपियों ने मामला रफा-दफा करने के एवज में 10 हजार रुपये की मांग की और दो हजार रुपये वसूल लिए। हालांकि, दुकानदार को उनकी गतिविधियों पर शक हो गया।इसके बाद राहगीरों की मदद से चारों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में करीब 75 वर्षीय रिटायर्ड तहसीलदार राजीव उपाध्याय भी शामिल हैं। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर घटना में इस्तेमाल अर्टिगा कार को सीज कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, घटना 17 नवंबर की है। आंवला कस्बे के निवासी अजय कुमार गुप्ता की मिठाई की दुकान पर सफेद रंग की अर्टिगा कार (UP 25 DY 2856) से चार लोग पहुंचे। कार पर PCS का स्टीकर लगा हुआ था और उसमें हूटर व सायरन भी लगे थे। चारों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताया और दुकानदार से कहा कि उनकी दुकान पर मिलावटी मिठाई बेचे जाने की शिकायत मिली है। इसके बाद उन्होंने मिठाइयों के सैंपल भरने और जांच के बाद कार्रवाई करने की बात कहकर दुकानदार पर दबाव बनाया।आरोप है कि कथित अधिकारियों ने कार्रवाई से बचाने और मामला रफा-दफा करने के नाम पर दुकानदार से 10 हजार रुपये मांगे। डर के कारण दुकानदार ने उन्हें दो हजार रुपये दे दिए।हालांकि, कुछ देर बाद दुकानदार को उनकी बातचीत और व्यवहार पर संदेह हुआ। उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी, जिसके बाद राहगीरों की मदद से चारों को कार सहित पकड़ लिया गया और रामनगर पुलिस चौकी के सुपुर्द कर दिया गया।
रिटायर्ड तहसीलदार समेत चार आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर रामनगर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक नरेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने चारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजीव उपाध्याय (करीब 75 वर्ष), निवासी सर्वोदय नगर, बदायूं रोड, सुभाषनगर, बरेली, मुकेश यादव (40), निवासी झिंझरी मजरा मिलक, थाना भमौरा सुनीत कुमार उपाध्याय (45), निवासी बीडीए कॉलोनी, सुभाषनगर और रजनेश (28), निवासी गणेशनगर, सुभाषनगर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राजीव उपाध्याय तहसीलदार पद से सेवानिवृत्त हैं। उनके नाम का सामने आना इस मामले में चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि चारों ने खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताकर दुकानदार पर सरकारी कार्रवाई का दबाव बनाया और उससे रुपये वसूले।
एक आरोपी पर हत्या और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मुकेश यादव का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में थाना भमौरा में हत्या, हत्या के प्रयास, बलवा और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज हुआ था। इसी वर्ष थाना फरीदपुर में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई थी। इसके अलावा वर्ष 2025 में भमौरा थाने में मारपीट और धमकी समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज हुआ था।
दो हजार रुपये, तीन मोबाइल और दो आधार कार्ड बरामद
दुकानदार अजय कुमार गुप्ता की लिखित शिकायत के आधार पर आंवला पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दुकानदार से वसूले गए दो हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और दो आधार कार्ड बरामद किए हैं। इसके अलावा घटना में इस्तेमाल सफेद अर्टिगा कार, उस पर लगा PCS का स्टीकर और हूटर-सायरन भी पुलिस ने कब्जे में लेकर कार सीज कर दी है। पुलिस ने चारों आरोपियों का चालान कर दिया है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी अधिकारी बनकर आम लोगों को डराने और उनसे अवैध वसूली करने वाले लोगों के प्रति सतर्क रहने की जरूरत को सामने ला दिया है।
