लखनऊ। उत्तर प्रदेश में स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) के तहत वोटर लिस्ट से हिंदू मतदाताओं के नाम गायब होने के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दावे पर चुनाव आयोग ने जवाब दिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि वह धर्म या जाति के आधार पर मतदाताओं का रिकॉर्ड नहीं रखता। उसके पास वोटर लिस्ट में शामिल लोगों के धर्म और जाति से जुड़ा कोई आधिकारिक आंकड़ा उपलब्ध नहीं होता। उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार, 17 नवंबर को बताया कि मतदाता सूची में नाम, पिता, मां और पत्नी का नाम, उम्र, मकान नंबर और जेंडर जैसी जानकारियां दर्ज होती हैं। इसमें किसी मतदाता के धर्म या जाति का उल्लेख नहीं किया जाता। आयोग इन आधारों पर कोई विश्लेषण भी नहीं करता।
योगी ने लगाया था 1.27 करोड़ हिंदू वोटरों के नाम गायब होने का आरोप
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक इंटरव्यू में दावा किया था कि एसआईआर के बाद करीब 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की सूची से गायब हैं। उन्होंने कहा था कि ये ऐसे मतदाता हैं, जिनके नाम पंचायत चुनाव की वोटर लिस्ट में शामिल थे। सीएम योगी ने 66 लाख ऐसे मतदाताओं का भी जिक्र किया था, जिनमें से 55 लाख हिंदू मतदाता सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे थे, लेकिन उनके नाम चुनाव आयोग की मतदाता सूची में नहीं हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश सरकार ने वोटर लिस्ट में इन गड़बड़ियों को लेकर चुनाव आयोग को ज्ञापन सौंपकर स्पष्टीकरण मांगा था।
चुनाव आयोग बोला- धर्म और जाति का आधिकारिक आंकड़ा नहीं
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने कहा कि वोटर लिस्ट एक सार्वजनिक दस्तावेज है। इसके आधार पर मीडिया या स्वतंत्र विश्लेषक मतदाताओं के नाम और अन्य उपलब्ध जानकारियों के आधार पर अपना विश्लेषण कर सकते हैं। हालांकि, ऐसे विश्लेषण को चुनाव आयोग का आधिकारिक आंकड़ा या निष्कर्ष नहीं माना जा सकता।
ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 13.58 करोड़ मतदाता
उत्तर प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में एसआईआर के बाद तैयार हुई मतदाता सूची पर सभी राजनीतिक दलों की नजरें टिकी हैं। मंगलवार, 17 नवंबर को जारी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के मुताबिक, प्रदेश में कुल 13.58 करोड़ मतदाता हैं। इनमें 6.20 करोड़ महिलाएं शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, अप्रैल 2026 में एसआईआर के बाद जारी मतदाता सूची की तुलना में नई सूची में 18 लाख से अधिक मतदाता बढ़े हैं।
