नई दिल्ली : सुप्रीम कोर्ट में सोमवार को उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब एक वकील ने मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत के साथ तीखी बहस शुरू कर दी। वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना के मामले में जल्द सुनवाई चाहते थे। कोर्ट में इंतजार करने के लिए कहे जाने पर वकील नाराज हो गए और उन्होंने CJI की कुर्सी तथा उनकी ईमानदारी पर सवाल उठा दिए। घटना के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया।
जल्द सुनवाई की मांग पर भड़के वकील
घटना सोमवार दोपहर करीब दो बजे की है। CJI सूर्यकांत की अगुआई वाली बेंच में जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना भी मौजूद थे। वकील ने तय प्रक्रिया का पालन किए बिना अपना मामला रखने के लिए पहले माफी मांगी। इस पर जस्टिस वी. मोहना ने उन्हें बताया कि इस तरह मामले का जिक्र नहीं किया जा सकता। इसके बाद CJI सूर्यकांत ने कहा, ‘हम आपका आवेदन देखेंगे, आप थोड़ा इंतजार कीजिए।’ CJI की इस बात पर वकील नाराज हो गए। उन्होंने टिप्पणी करते हुए कहा कि CJI इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं हैं और उनमें ईमानदारी नहीं है। हालांकि, उन्होंने बेंच में मौजूद जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना के प्रति सम्मान भी जताया।
टिप्पणी के बाद बंद की गई ऑडियो-वीडियो रिकॉर्डिंग
वकील की टिप्पणी के बाद कोर्ट की कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया। कोर्ट में मौजूद वकीलों के मुताबिक, कुछ देर बाद सुरक्षाकर्मी संबंधित वकील को कोर्ट रूम से बाहर ले गए। वहां मौजूद अन्य वकीलों ने CJI से इस व्यवहार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। हालांकि, संबंधित वकील के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई की गई, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पहले भी CJI के साथ हो चुकी हैं ऐसी घटनाएं
जुलाई में भी सुप्रीम कोर्ट में एक अन्य याचिकाकर्ता प्रबल प्रताप ने सुनवाई के दौरान हंगामा किया था और CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्द कहे थे। उस समय सुनवाई कर रही बेंच में CJI सूर्यकांत शामिल नहीं थे। बेंच ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार करते हुए कहा था कि याचिकाकर्ता परेशान लग रहा था और उसे कुछ स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं। इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए होने वाली सुनवाई में व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले याचिकाकर्ताओं की आवाज और वीडियो बंद करना शुरू कर दिया था। इससे पहले 6 अक्टूबर 2025 को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान 71 वर्षीय वकील राकेश किशोर ने तत्कालीन CJI बीआर गवई की ओर जूता फेंका था। बताया गया कि वह भगवान विष्णु की मूर्ति से जुड़े एक मामले में CJI की टिप्पणी से नाराज थे। घटना के दौरान वकील ने धार्मिक नारे भी लगाए थे। सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत कोर्ट रूम से बाहर कर दिया था। CJI गवई ने संयम दिखाते हुए सुनवाई जारी रखने को कहा था। बाद में बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने वकील को वकालत करने से निलंबित कर दिया था।
