नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के अध्यक्ष जय शाह को लगातार दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इंडोनेशिया के बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड की बैठक में उन्हें निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया। निदेशकों के प्रस्ताव के बाद बोर्ड ने उनके दूसरे कार्यकाल पर मुहर लगा दी। जय शाह के दोबारा अध्यक्ष चुने जाने को क्रिकेट के वैश्विक विस्तार और खेल के भविष्य की योजनाओं के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
आईसीसी बोर्ड ने जय शाह पर जताया भरोसा
जय शाह के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए आईसीसी बोर्ड ने उन्हें एक और कार्यकाल की जिम्मेदारी दी है। क्रिकेट इस समय वैश्विक स्तर पर विस्तार, प्रशंसकों की बढ़ती संख्या और व्यावसायिक विकास के नए दौर से गुजर रहा है। वहीं, लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी को भी खेल के लिए बड़ा अवसर माना जा रहा है। आईसीसी ने प्रतियोगिताओं के दीर्घकालिक कार्यक्रम का विस्तार किया है, जिससे खिलाड़ियों को अधिक अवसर मिल सकेंगे। बोर्ड ने क्रिकेट की बुनियादी संरचना मजबूत करने, महिला क्रिकेट के विकास को गति देने और एसोसिएट सदस्य देशों के लिए अवसर बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने तथा खेल के लिए बेहतर व्यावसायिक अवसर विकसित करने पर जोर दिया गया।
दूसरी बार जिम्मेदारी मिलने पर क्या बोले जय शाह?
लगातार दूसरी बार आईसीसी अध्यक्ष चुने जाने पर जय शाह ने बोर्ड के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि आईसीसी बोर्ड ने उन पर जो भरोसा जताया है, उससे वह बेहद सम्मानित महसूस कर रहे हैं। सभी निदेशकों के निरंतर विश्वास और समर्थन के लिए उन्होंने आभार व्यक्त किया। जय शाह ने कहा कि आईसीसी चेयरमैन के रूप में काम करना उनके लिए सम्मान के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी भी है। वह दुनिया भर में क्रिकेट के हितों को आगे बढ़ाने के लिए सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि क्रिकेट अपने इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण और रोमांचक दौर में प्रवेश कर रहा है। लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने और खिलाड़ियों तथा प्रशंसकों की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का असाधारण अवसर है।
