नई दिल्ली : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा है। पुणे में एक कार्यक्रम के दौरान शाह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत विरोधी विचार रखकर देश को दुनिया में बदनाम करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी सत्ता हासिल करना चाहते हैं तो उन्हें विदेश यात्राएं छोड़कर गांवों में जाना चाहिए। अमित शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी नसीहत देते हुए कहा कि पार्टी इसी दिशा में चलती रही तो अगले 30 साल तक सत्ता में आने का मौका नहीं मिलेगा।
भारत समिट को लेकर राहुल गांधी पर साधा निशाना
अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार तीन चुनावों में अलग-अलग तरीके से हारने की हताशा निकाल रही है। हाल ही में कांग्रेस ने हैदराबाद में भारत समिट 2026 का आयोजन किया, जिसमें देशभर के वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को बुलाया गया। शाह के मुताबिक, राहुल गांधी भी इस सम्मेलन में शामिल हुए और अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत विरोधी विचार रखकर देश को बदनाम किया। उन्होंने सवाल उठाया कि कोई भी राजनीतिक दल अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में भारत और देश के प्रधानमंत्री को बदनाम कैसे कर सकता है? शाह ने राहुल गांधी के प्रयासों की निंदा करते हुए कहा कि देश की विकास यात्रा और लोकतंत्र को दुनिया के सामने गलत तरीके से पेश करना उचित नहीं है।
मोदी सरकार के 12 साल के कामकाज का किया जिक्र
केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी को 10 साल तक देश की सत्ता में रहने का मौका मिला था, लेकिन उस दौरान 12 लाख करोड़ रुपये के घपले और घोटाले हुए। उन्होंने दावा किया कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद 12 साल में उन पर चार आने के भ्रष्टाचार का भी आरोप नहीं लगा है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल में कृषि, औद्योगिक विकास, अंतरिक्ष, स्टार्टअप, रेलवे, हवाई अड्डों और मेट्रो नेटवर्क सहित कई क्षेत्रों में प्रगति हुई है। उन्होंने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव तक पहुंचने, स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित होने, 76 से 150 एयरपोर्ट होने, मेट्रो नेटवर्क के विस्तार, नई शिक्षा नीति लागू होने और सहकारिता मंत्रालय के गठन को सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया।
राहुल गांधी को दी गांवों में जाने की सलाह
अमित शाह ने राहुल गांधी को सलाह देते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से सत्ता नहीं मिलेगी। अगर उन्हें सत्ता चाहिए तो विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाना शुरू करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है, जबकि राहुल गांधी भारत की विकास यात्रा को बदनाम करने का प्रयास कर रहे हैं। शाह ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कहा कि अगर वे इसी दिशा में पार्टी नेतृत्व के पीछे चलते रहे तो अगले 30 साल तक उनका सत्ता में आने का नंबर नहीं लगेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को जमीन पर उतरकर जनता के बीच जाना चाहिए। साथ ही उन्होंने भारत की जनता से आने वाले चुनाव में इस मुद्दे का जवाब देने की अपील भी की।
