दिल्ली : राजधानी दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में रविवार को एक निर्माणाधीन इमारत का हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे में आठ लोग घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, कुछ घायलों को फ्रैक्चर हुआ है, जबकि अन्य को मामूली चोटें आई हैं।
स्कूल के सामने हुआ हादसा, पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस के मुताबिक, रविवार 15 नवंबर 2026 को थाना पहाड़गंज में पीसीआर कॉल के जरिए इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। हादसा पहाड़गंज में गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल के सामने कशेरूवालान, संगतराशान स्थित प्रॉपर्टी नंबर 3992-3993 में हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव से जुड़ी जरूरी कार्रवाई शुरू की। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
होटल बनाने के दौरान दूसरी मंजिल का लैंटर गिरा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि इमारत में होटल बनाने का काम चल रहा था। हादसे के वक्त दूसरी मंजिल की छत का लैंटर डाला जा रहा था। इसी दौरान इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया और वहां काम कर रहे लोग इसकी चपेट में आ गए। पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि इमारत के सपोर्टिंग कॉलम यानी खंभे गीले थे और इमारत एक तरफ झुकी हुई दिखाई दे रही थी। हालांकि, इमारत का हिस्सा गिरने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घायल मजदूरों की हुई पहचान
हादसे में घायल लोगों की पहचान शेख सद्दाम (37), शेख राजा (20), मोहम्मद सुहेल (50), संजुद खान (40), गौतम यादव (28), वरुण यादव (36), राजा (36) और मंटसु (40) के रूप में हुई है। सभी घायलों का लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों और इसके लिए जिम्मेदार परिस्थितियों की जांच कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
