बरेली : नौकरी दिलाने का झांसा देकर दो लोगों से 24 लाख 50 हजार रुपये ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोटी रकम लेने के बाद न तो नौकरी दिलाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। पीड़ितों ने जब अपनी रकम लौटाने की मांग की तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। परेशान होकर दोनों पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। सीबीगंज पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नौकरी दिलाने का भरोसा देकर लिए 24.50 लाख रुपये
सीबीगंज के गांव अटा कायस्थान निवासी तस्लीम खान और देवरनियां के गांव गिरधरपुर निवासी मोहम्मद राशिद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि घुंसा गांव के वदीउद्दीन, उसकी पत्नी शहरबानो और अजीजउद्दीन ने उन्हें नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपियों की बातों में आकर दोनों ने कुल 24 लाख 50 हजार रुपये दे दिए। पीड़ित नौकरी मिलने की उम्मीद में इंतजार करते रहे, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी न तो उन्हें नौकरी मिली और न ही उनकी रकम वापस की गई।
रुपये मांगने पर जान से मारने की धमकी का आरोप
पीड़ितों का आरोप है कि जब उन्होंने आरोपियों से अपनी रकम वापस मांगी तो उनका रवैया बदल गया। रुपये लौटाने के बजाय उन्हें जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। लाखों रुपये गंवाने और धमकियां मिलने से परेशान दोनों पीड़ितों ने सीबीगंज थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
पुलिस ने तस्लीम खान और मोहम्मद राशिद की शिकायत पर वदीउद्दीन पुत्र अजीजउद्दीन, शहरबानो पत्नी अजीजउद्दीन और अजीजउद्दीन पुत्र शफीउद्दीन निवासी गांव घुंसा, थाना सीबीगंज के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
